दिल्ली से मैक्लोडगंज आ रही एचआरटीसी वोल्वो बस धुसाड़ा में पलटी, सात यात्री घायल; एक पीजीआइ रेफर
दिल्ली से मैक्लोडगंज आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की लग्जरी बस ऊना के धुसाड़ा गांव के समीप पलट गई।
ऊना, जेएनएन। दिल्ली से मैक्लोडगंज आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की लग्जरी बस ऊना के धुसाड़ा गांव के समीप पलट गई। हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ित को पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घायलों में बस परिचालक भी शामिल है। अन्य घायलों को उपचार के लिए ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह कोहरा और धुंध की वजह से चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बस में करीब 24 यात्री सवार थे। अन्य यात्रियों को किसी दूसरी बस में भेजने की व्यवस्था की गई है। इनमें अधिकांश लोग कांगड़ा ज़िले के हैं, जिनमें कुछ तिब्बती मूल के भी हैं। तीन लोग बाहरी पर्यटक भी बस में सवार थे।
इससे पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं। हादसे की सूचना के बाद ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में परिवहन निगम के अधिकारी घायलों का कुशलक्षेम पूछने पहुंचे। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। कई लोग अपने वाहनों में घायलों को अस्पताल लेकर गए। कुछ देर बाद एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया व कुछ लोगों को मौके पर ही फास्ट एड दिया गया।
बताया जा रहा हादसा सुबह पौने छह बजे के करीब हुआ है। एचआरटीसी वोल्वो बस एचपी 72 5296 दिल्ली से मैक्लोडगंज आ रही थी। धुसाड़ा के पास अचानक पलट गई। बस में सवार 55 वर्षीय परनीत रतन पुत्र मदन रतन निवासी गोना तहसील नादौन जिला हमीरपुर, परिचालक 54 वर्षीय दिनेश गुलेरिया पुत्र मुल्तान सिह निवासी द्रंग जिला कांगड़ा, 64 वर्षीय नबदे बाई पत्नी जगदीश वंसल आइएनए कॉलोनी दिल्ली को गंभीर चोटें आई हैं। एक घायल को पीजीआइ रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों को ऊना अस्पताल में उपचार दिया गया है।