भदरोया में सड़क किनारे युवक की लाश मिली, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका Kangra News
Dead Body recovered Bhadroya जिला कांगड़ा में नशे की आेवरडोज से एक और चिराग बुझ गया।
भदरोया, मुकेश समराल। जिला कांगड़ा में नशे की आेवरडोज से एक और चिराग बुझ गया। सोमवार सुबह पुलिस थाना डमटाल के तहत पड़ते भदरोया टू पुराना डमटाल संपर्क मार्ग के पास सड़क किनारे एक शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।शव पर पाए गए निशानों व प्रारंभिक दृष्टया ओवरडोज से ही मौत की आशंका जताई जा रही है।
डीएसपी नूरपुर डॉक्टर साहिल अरोड़ा ने बताया सुबह थाना डमटाल में किसी ने फोन पर सूचित किया के भदरोया से पुराना डमटाल को जाने बाले लिंक रोड किनारे किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मैं स्वयं और डमटाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। डीएसपी नूरपूर डॉक्टर साहिल अरोड़ा ने बताया मृतक की जेब में उसकी पहचान करने का कोई भी दस्तावेज मौके पर नहीं मिला। मृतक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच लगती है। शव को पोस्टमाटम के लिए नूरपुर भेज दिया है और मौत के कारणों का असल पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पंजाब के साथ सटे हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में नशे का मकड़जाल फैलता जा रहा है। यहां चिट्टे की तस्करी के लगातार मामले बढ़ रहे हैं। नशे की ओवरडोज से भी यहां कई युवा जान से हाथ धो बैठे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से नशा माफिया पर नकेल कसने के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद चोरी छिपे चिट्टे की खेप प्रदेश में पहुंच रही है।