Curfew:हिमाचल में फंसे विदेशी पर्यटकों को ले जाने के लिए धर्मशाला पहुंचे जर्मनी दूतावास के अधिकारी
Curfew Updates लॉकडाउन के कारण हिमाचल में फंसे विदेशी व अन्य राज्यों के पर्यटकों को शीघ्र वापस भेजा जाएगा।
धर्मशाला/कांगड़ा, जेएनएन। लॉकडाउन के कारण हिमाचल में फंसे विदेशी व अन्य राज्यों के पर्यटकों को शीघ्र वापस भेजा जाएगा। मुख्य रूप से विदेशी पर्यटकों को स्वदेश भेजा जाएगा। इसके लिए गृह मंत्रलय ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बाबत दिल्ली से जर्मनी के राजदूत सोमवार को धर्मशाला पहुंचे। उन्हें जिला प्रशासन ने यहां ठहरे पर्यटकों की पहली सूची सौंप दी है।
दिल्ली स्थित जर्मनी दूतावास के अधिकारी ने जिला प्रशासन के अफसरों के साथ बैठक कर ऐसे विदेशी पर्यटकों की सूची सौंपी है, जो हिमाचल में फंसे हैं। कोरोना वायरस के कारण लगे कफ्यरू और लॉकडाउन के कारण करीब 240 पर्यटक फंसे हैं। इनमें से 100 भारतीय और 140 विदेशी हैं।
सबसे अधिक 69 भारतीय व 29 विदेशी पर्यटक कुल्लू में फंसे हैं। सिरमौर में 9 विदेशी पर्यटक फंसे हैं, इनमें से दो रूस व दो अमेरिका के जबकि फिनलैंड, नीदरलैंड, फ्रांस और दुबई के एक-एक पर्यटक हैं। इन सभी को एक स्थान पर एकत्रित किया जाएगा और इसके बाद दिल्ली ले जाया जाएगा। इसके अलावा पर्यटन विभाग विदेशी पर्यटकों को तलाशने और उनके बारे में जानकारी एकत्रित करने की कवायद में भी जुटा है।
उधर, पुलिस अधीक्षक कांगड़ा विमुक्त रंजन ने बताया कि यूरोपीय देशों के जिला कांगड़ा में ठहरे विदेशी पर्यटकों की एक सूची केंद्र सरकार से प्राप्त हुई है और जर्मनी दूतावास के अधिकारी धर्मशाला पहुंचे हैं। इन विदेशी पर्यटकों को कब वापस भेजना है यह सरकार के आदेश पर ही निर्भर करता है।