सीयू को मिला कुलपति, एसपी बंसल के नाम पर मुहर
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) को स्थायी कुलपति मिल गया ह
जागरण संवाददाता, धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) को स्थायी कुलपति मिल गया है। राष्ट्रपति ने सत प्रकाश बंसल के नाम पर मुहर लगा दी है। इसका पत्र अंडर सेक्रेटरी पीसी रत्नकरण ने विवि के कुलसचिव को भेजा है।
जिला हमीरपुर से संबंध रखने वाले एसपी बंसल इससे पहले हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर के कुलपति थे। वहां उनका कार्यकाल इस साल पूरा हो चुका था। तकनीकी विवि में उनकी प्रशासनिक व्यवस्थाओं को देखते हुए सरकार ने उन्हें एक साल का सेवाविस्तार दिया है। शिक्षा मंत्रालय ने उन्हें केंद्रीय विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी सौंपी है।
2019 में कुलपति डा. कुलदीप चंद अग्निहोत्री का कार्यकाल पूरा हो गया था। कोरोना महामारी के कारण केंद्र सरकार ने उन्हें एक साल का सेवाविस्तार दिया था। 2021 के शुरू में उन्होंने त्यागपत्र दिया। इसके बाद अंग्रेजी विभाग के डा. रोशन लाल शर्मा को कार्यकारी कुलपति का कार्यभार सौंपा था। अब एसपी बंसल की तैनाती से केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और लंबित भर्ती प्रक्रिया भी शुरू होगी। विवि के कई विभागों में स्टाफ की कमी है। स्कूल आफ सोशल वर्क के कई विभागों में प्राध्यापक नौकरी छोड़कर चले गए हैं।
पांच साल के लिए हुई तैनाती
एसपी बंसल की की नियुक्ति पांच साल के लिए हुई है। नियमों के अनुसार कुलपति को पांच साल के लिए तैनात किया जाता है। अगर पांच साल का कार्यकाल पूरा होने से पहले कुलपति की आयु 70 साल से अधिक हो जाती है तो उन्हें कार्यभार मुक्त कर दिया जाता है। एसपी बंसल केंद्रीय विश्वविद्यालय के सबसे कम आयु के कुलपति बने हैं। उनकी आयु 56 वर्ष है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे कुलपति बने बंसल
एसपी बंसल की केंद्रीय विश्वविद्यालय में तीसरे कुलपति के रूप में तैनाती हुई है। 2009 से 2013 तक फुरकान कंवर पहले कुलपति रहे। इसके बाद 2013 से 2019 तक डा. कुलदीप चंद अग्निहोत्री कुलपति रहे। उसके बाद उन्हें एक साल का सेवाविस्तार दिया गया था।