Coronavirus: पीएम मोदी ने भाजपा के पुराने साथी से जाना हिमाचल का हाल, प्रभारी रहते मिले थे कई बार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की सुबह बैजनाथ भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष चमन लाल ग्रोवर से टेलीफोन के माध्यम से बात की।
बैजनाथ, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार की सुबह बैजनाथ भाजपा मंडल के पूर्व अध्यक्ष चमन लाल ग्रोवर से टेलीफोन के माध्यम से बात की। पीएम ने बुधवार सुबह देश भर में भाजपा के ऐसे कई पुराने कार्यकर्ताओं व कुछ पूर्व विधायकों से फोन पर बात की है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह 8 बजकर 47 मिनट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फोन पपरोला निवासी 87 वर्षीय चमन लाल ग्रोवर को आया।
उनके बेटे विनोद ग्रोवर व सुनील ग्रोवर ने बताया सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर उनके पिता चमन लाल ग्रोवर के फोन पर पहला फोन आया, इसमें उनकी जानकारी लेने के बाद कहा गया कि कुछ देर में आप से प्रधानमंत्री बात करेंगे। ऐसे में फोन व्यस्त न रखें। उन्हें कुछ पल के लिए लगा कि शायद कोई मजाक कर रहा है। लेकिन कुछ ही पल बाद फिर फोन आया और जब सुना, तो दूसरी तरफ से प्रधानमंत्री की आवाज थी।
चमन लाल ग्रोवर ने बताया पीएम ने उनसे करीब दो से ढाई मिनट तक बात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल और इस क्षेत्र में कोरोना वायरस को लेकर बने हालातों के बारे में जानकारी ली। चमन लाल ग्रोवर ने बताया उन्होंने पीएम को अवगत करवाया कि यहां अभी उतना प्रकोप नहीं है।
यहां के जागरूक लोग सरकार व प्रशासन के आदेशों का पूरा पालन कर रहे हैं। साथ ही प्रशासन भी बेहतर कार्य कर रहा है। इस दौरान पीएम ने चमन लाल ग्रोवर का हाल भी जाना और जब वह प्रदेश भाजपा प्रभारी थे, तब हुई कुछ बैठकों की यादें भी ताजा की। चमन लाल ग्रोवर दो बार बैजनाथ भाजपा मंडल के अध्यक्ष रह चुके हैं। उस दौरान नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी थे।