मुख्यमंत्री ने लगाई नोडल अधिकारियों की क्लास, फोन सुनने के लिए दिए हैं; जेब में रखने को नहीं
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नोडल अधिकारियों की फोन न सुनने पर क्लास भी लगाई है।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नोडल अधिकारियों की फोन न सुनने पर क्लास भी लगाई है। उन्होंने कहा कि फोन जेब में रखने के लिए नहीं सुनने के लिए दिए हैं। रविवार को अवकाश के बावजूद उन्होंने अन्य राज्यों से आने वाले हिमाचलियों और प्रदेश से जाने वाले लोगों की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोग मुश्किल में फंसे हैं और आप फोन न सुनकर उनकी मुश्किलों को बढ़ा रहे हैं। जिन राज्यों से आने वालों की पूरी लिस्ट तैयार हो गई है उनको लाने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। प्रदेश लौटने और प्रदेश से बाहर जाने वालों की व्यवस्था के लिए 16 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं।
52,763 लोगों ने कोविड ई-पास के लिए किया है आवेदन
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से 52,763 लोगों ने कोविड ई-पास के लिए आवेदन किया है। इसी तरह हिमाचल में फंसे 63,044 लोग अपने घर जाना चाहते हैं। अब तक अन्य राज्यों के 30,219 लोग जा चुके हैं। श्रमिकों को प्रदेश में ही रहने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए, ताकि उनके अभाव में विकास परियोजनाएं प्रभावित न हों।