Coronavirus: हिमाचल पुलिस का जवान कोरोना संक्रमित, पंचरुखी थाना सील; सारा स्टाफ क्वारंटाइन
Coronavirus Alert जिला कांगड़ा कोरोना वायरस के तीन नए मामले सामने आ गए हैं। एक पुलिस कर्मचारी भी संक्रमित हुआ है।
धर्मशाला, जेएनएन। जिला कांगड़ा कोरोना वायरस के तीन नए मामले सामने आ गए हैं। एक पुलिस कर्मचारी भी संक्रमित हुआ है। पंचरुखी पुलिस स्टेशन का कर्मचारी संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस जवानों को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला राजपुर में क्वारंटाइन किया गया है।
पंचरुखी पुलिस स्टेशन को सील कर दिया गया है। संक्रमित पुलिस जवान की विभिन्न जगह ड्यूटी लगी थी व उसकी कांटेक्ट हिस्ट्री खंगाली जा रही है। दो सप्ताह तक पंचरुखी का क्षेत्र पालमपुर पुलिस थाना के तहत रहेगा। पंचरुखी पुलिस थाना के स्टाफ को क्वारंटाइन कर दिया गया है।
पुलिस थाना कर्मी के कोरोना पॉजीटिव की सूचना पर पंचरुखी में सन्नाटा पसर गया है। हालात यह बने हैं कि बाज़ार समय से पहले ही कारोबारियों ने बंद कर दिया। सब्जी वालों ने जहां औने पौने मेें ही सब्जियां बेच डाली और घरों को रवाना हो गए। एसडीएम पालमपुर धर्मेश पुलिस थाना में पहुंचे। स्थानीय लोगों मेंं हड़कंप मचा है। पुलिस कर्मी सुबह भी अपनी ड्यूटी कर रहा था। माना जा रहा है वह किसी के संपर्क मेंं आया जिसके कारण वह चपेट मेंं आया।
टांडा अस्पताल में तीनों सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। बताया जा रहा है पंचरुखी व पपरोला व एक मझकडा का है। तीनाें पुरुष हैं व इनकी उम्र 40 वर्ष से ऊपर है। एक की उम्र 40, दूसरे की 50 व तीसरे की 62 वर्ष बताई जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 63 हो गया है। बताया जा रहा है एक व्यक्ति दो दिन पहले जालंधर से लौटा है व एक फ्लू क्लीनिक में उपचाराधीन था। पपरोला के कोरोना संक्रमित पास की मेहरा कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। संबंधित पार्षद का कहना है कि अभी तक जो सूचना है, उसके मुताबिक वह कहीं बाहर नहीं गए हैं।
यह भी पढ़ें: Breaking: कोरोना संक्रमित पहुंच गया टांडा में जांच करवाने, रिपोर्ट आने पर मचा हड़कंप; अस्पताल सील