कोरोना संक्रमित जमातियों के सीधे संपर्क में आए पति-पत्नी किए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती, कुठेड़ा खेरला में पुलिस पहरा
ज़िला ऊना में कोरोना पॉजिटिव नौ मामले आने के बाद प्रशासन के अधिकारियों की बैठक देर रात तक चली
गगरेट, जेएनएन। ज़िला ऊना में कोरोना पॉजिटिव नौ मामले आने के बाद प्रशासन के अधिकारियों की बैठक देर रात तक चली, जिसमे इन 9 लोगों के सम्पर्क में आए लोगों की सूची को एक बार फिर से गहनता से अध्ययन किया गया और इस मामले के लिए एक्शन प्लान बनाया गया। इसी कड़ी में कुठेड़ा खेरला के दो लोगों को आज सुबह प्रशासन ने आइसोलेट कर दिया है। ये दंपती कुठेड़ा खेरला का ही बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार ये लोग इन जमातियों के सीधे संपर्क में आए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से इन दोनों को आज सुबह ही आइसोलेट कर दिया है। एक दिन पहले नकरोड निवासी को भी सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने आइसोलेट कर दिया था। फिलहाल ज़िला ऊना से 76 नमूने लिए, जिनमें से अभी कुछ सैंपल की जांच होनी बाकी है। लेकिन अभी तक पूरे जिले में 12 मामले पॉजिटिव आने से ऊना पूरे प्रदेश में सबसे अधिक कोरोना वायरस पीड़ित ज़िला बन गया है।
पांच सैंपल आज भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। बताया जा रहा है इनमें दो डॉक्टर और दो एचआरटीसी कर्मियों के सैंपल शामिल हैं। शासन ने कल देर रात ही ये मामले सामने आने पर पूरे जिले में कर्फ्यू में मिलने वाली ढील को भी समाप्त कर दिया था।
पुलिस थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्धाज का कहना है प्रशासन इस मामले की संजीदगी को समझते हुए लगातार ऐसे लोगों को ट्रैक कर रहा है, जो जमातियों के सीधे संपर्क में आए थे, एक दंपती को सुबह आइसोलेट किया है।