अनुशासन व शालीनता से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें अधिकारी : फुलझेले
राज्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह के प्रिसिपल आइजी डॉ. अतुल फुलझेले ने कहा कि अनुशासन व शालीनता के साथ अधिकारी लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
जागरण टीम, पालमपुर : राज्य पुलिस प्रशिक्षण केंद्र डरोह के प्रिसिपल आइजी डॉ. अतुल फुलझेले ने कहा है कि पुलिस कर्मचारियों एवं अधिकारियों को अनुशासन तथा शालीनता के साथ लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। डॉ. फुलझेले बुधवार को डरोह में डीएसपी और सब इंस्पेक्टर प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित मीडिया प्रबंधन कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा, कानून व्यवस्था के बारे में लोगों को जागरूक करने में मीडिया की अहम भूमिका है। मीडिया के माध्यम से ही लोगों तक आवश्यक जानकारियां पहुंचाई जा सकती हैं। समाज को भयमुक्त तथा सुरक्षित बनाने में पुलिस, मीडिया तथा आम लोगों का समन्वय जरूरी है। डॉ. फुलझेले ने कहा, यातायात नियमों का पालन करने के लिए युवाओं को पुलिस के माध्यम से नियमित तौर पर जागरूक किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने में मीडिया का सहयोग भी जरूरी है। समाज में अफवाहों एवं भ्रम की स्थिति पैदा होने पर भी मीडिया एक सजग प्रहरी के रूप में भूमिका निभा रहा है। इससे पुलिस को भी कानून एवं व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलती है।
वहीं, मीडिया प्रबंधन तथा कार्यप्रणाली के बारे में चर्चा करते हुए मुख्य वक्ता एवं दैनिक जागरण हिमाचल के संपादक नवनीत शर्मा ने कहा, मीडिया समाज को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है। शासन व व्यवस्था में खामियों को उजागर करने का कार्य भी बाखूबी किया जा रहा है, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू हो सकें। उन्होंने कहा, आम जनमानस तक सही सूचनाएं पहुंचें, इसके लिए पुलिस विभाग को सूचनाओं का आदान-प्रदान सकारात्मक तरीके से करना चाहिए। नवनीत शर्मा ने खोजी पत्रकारिता पर भी विभिन्न उदाहरणों के साथ अपने विचार रखे।
इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त निदेशक (पीआर) डॉ. हृदयपाल ने मीडिया एवं पुलिस के आपसी समन्वय और पत्रकार रविद्र सूद ने पत्रकारिता के अनुभव साझा किए। डीएसपी कुलदीप कुमार ने मीडिया कार्यशाला का संचालन किया।