पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन, रस्सी से वाहन खींचकर जताया विरोध
देश में लगातार बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कुल्लू, जेएनएन। पूरे देश में लगातार बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता मनाली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष हीरा लाल विभु ने की। इसी दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुल्लू के कांग्रेस कार्यालय से ढालपुर चौक होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रस्सी से वाहन खींचकर सरकार के खिलाफ हल्ला बोला और जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान जिला कुल्लू के कुल्लू, मनाली, बंजार, युवा कांग्रेस अध्यक्ष व कार्यकर्ता शामिल रहे। रैली को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कच्चे तेल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रति बैरल बहुत कम हैं। इसके बावजूद केंद्र की मोदी सरकार कोरोना महामारी के संकट में आम जनता की जेब में आर्थिक बोझ डाल रही है। इससे गरीब वर्ग को सबसे अधिक नुकसान होगा। लाॅकडाउन के चलते पहले ही देश के किसान तथा मध्यम वर्ग को अपना गुजर बसर करना मुश्किल हो रहा है।
केंद्र तथा प्रदेश सरकार रोजमर्रा की वस्तुओं के साथ-साथ तेल गैस इत्यादि की कीमतों में वृद्धि करने पर तुली हुई है। इस महामारी के दौर में भी सरकारें जनता को लूटने में कोई कसर नहीं छोड रही है। युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि तेल की बढी हुई कीमतों को वापिस लें अन्यथा युवा कांग्रेस उग्र रूप धारण करेगी। युवा कांग्रेस जिला कुल्लू ने शिमला में हुई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं तथा नेताओं पर एफआईआर की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र का गला घोटने में लगी हुई है। लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन धरना प्रदर्शन करना आम जनता का अधिकार है।
रैली में हीरा लाल विभु, अध्यक्ष युवा कांग्रेस मनाली, गिरीश ठाकुर अध्यक्ष युवा कांग्रेस कुल्लू, भूपाल ठाकुर अध्यक्ष युवा कांग्रेस बंजार, विजेंद्र पंडित महासचिव प्रदेश युवा कांग्रेस, रोहित महाजन सचिव प्रदेश युवा कांग्रेस, नवनीत सूद, ऋषि किशोर उपाध्यक्ष मनाली युवा कांग्रेस, लक्ष्मण ठाकुर, सुरेश नेगी, कमल कांत विक्की, योग राज, कार्तिक चौधरी, चमन ठाकुर, दिपांशू कुंद्रा, धर्मेंद्र ठाकुर, हेम राज, अभिनव, अंकुश, सुशील ठाकुर, संघर्ष नेगी, ओम प्रकाश, अभिमन्यु इत्यादि उपस्थित रहे।