मुकेश का निशाना: जयराम एक राजनीतिक दुर्घटना से बने हैं सीएम, वीरभद्र से न करें मुकाबला
Mukesh Agnihotri Hit CM Jairam Thakur जयराम एक बड़ी राजनीतिक दुर्घटना की पैदाइश हैं। अगर प्रेम कुमार धूमल चुनाव नहीं हारते तो जयराम मुख्यमंत्री नहीं बनते।
मंडी, जेएनएन। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मंडी में पत्रकार वार्ता में कहा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भाषा की मर्यादा भूल कर लक्षमण रेखा पार कर रहे हैं। एक सप्ताह से मुख्यमंत्री कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर टिप्पणियां करते हुए जरूरत से ज्यादा बहक रहे हैं। राहुल गांधी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्यमंत्री को सलाह दी है कि वे लक्षमण रेखा पार न करें। जयराम वीरभद्र सिंह के खिलाफ भी टिप्पणियां कर रहे हैं, जबकि वीरभद्र छह बार मुख्यमंत्री बने हैं। जयराम एक बड़ी राजनीतिक दुर्घटना की पैदाइश हैं। अगर प्रेम कुमार धूमल चुनाव नहीं हारते तो जयराम मुख्यमंत्री नहीं बनते।
लोकतंत्र में विपक्ष की अपनी भूमिका है। मुकेश ने कहा नेता प्रतिपक्ष जयराम की मेहरबानी से नहीं बना हूं। पार्टी हाईकमान की वजह से बना हूं। अगर जयराम को जल्दबाजी है तो राहुल गांधी को पत्र लिखकर मुझे हटाएं। हिमाचल की संस्कृति के अनुरूप चुनाव नहीं हो रहे हैं। मुकेश ने कहा कि मैंने चार चुनाव लड़े और जीते हैं, मुझे जयराम के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। इस अवसर पर कांग्रेस उम्मीदवार आश्रय शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष शशि शर्मा भी मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप