कारगिल विजय दिवस पर शहीदों काे याद करना भूली कांग्रेस, भाजपा नेताओं ने साधा निशाना
Congress Leaders Forgot Martyr सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
शिमला, जेएनएन। सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को याद करना तक भूल गई। दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत माता के इन महान सपूतों को कांग्रेस पार्टी के किसी भी नेता ने न तो श्रद्धाजंलि दी और न ही किसी ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से याद किया।
कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष जो राजनीति करने का छोटे से छोटा अवसर भी नहीं छोड़ते, भारत मां के इन महान सपूतों को श्रद्धाजंलि देने की बजाय अपने साथियों के साथ कोरोना के इस दौर में सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करते हुए आम और जामुन खाते रहे। उन्होंने कहा नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री गत दिन अपने हरोली विधानसभा क्षेत्र में दिनभर घूमते रहे। लेकिन शहीदों को नमन करने का उन्हें समय नहीं मिला।
कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह जो हर बात पर ज्ञान बांटते फिरते हैं, उन्होंने भी कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को याद करना उचित नहीं समझा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कांग्रेस के नेता केवल दिखावे व राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए देशभक्ति का ढोंग करते हैं, जबकि वास्तविकता है कि उनके दिल में शहीदों के लिए कोई सम्मान नहीं है। कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भूलकर आम और जामुन खाने वाली कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी।