पंचायतें आत्मनिर्भर होंगी तभी देश आत्मनिर्भर होगा : दीपक
संवाद सहयोगी कांगड़ा प्रदेश राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष दीपक राठौर ने कहा
संवाद सहयोगी, कांगड़ा : प्रदेश राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष दीपक राठौर ने कहा कि देश की पंचायतें आत्मनिर्भर होंगी तो देश अपने आप आत्मनिर्भर हो जाएगा। साथ ही उन्होंने मांग की है कि 73वें और 74वें संशोधन की मांग उठाई।
कांगड़ा में पत्रकारवार्ता में दीपक राठौर ने कहा कि आत्मनिर्भरता का सपना तब तक स्वीकार नहीं हो सकता जब तक सत्ता का विकेंद्रीयकरण न हो। उन्होंने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि केरल अगर संशोधन लागू कर सकता है तो हिमाचल क्यों नहीं?
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। पहले चरण में सात जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इस बारे में ब्लॉक अध्यक्षों को पंचायतों में भेजा जाएगा जो लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दुर्गम गांवों में जेसीबी और ऑपरेटर मुहैया करवाया जाए, ताकि बरसात के समय रास्ता बंद होने पर उन्हें प्रशासन पर निर्भर न होना पड़े। उन्होने कहा कि प्रदेश के किसानों को कोल्ड स्टोर और फूड प्रोसंसिग प्लांट न होने के कारण खामियाजा उठाना पड़ता है। किसान अपने उत्पादों को संभाल कर नहीं रख सकता जिस कारण उसे बहुत कम दाम में अपनी फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होने कहा कि प्रदेश के पीएचसी और सीएचसी सुविधाएं न के बराबर हैं, जिसके कारण आइजीएमसी और टीएमसी जैसे बड़े अस्पतालों में लोगों को जाने के लिए मजबूर होना पड़ता है। अगर पंचायतें अपने स्तर स्कूलों में स्मार्ट क्लासें व अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करें तो गरीब बच्चों को भी प्राइवेट स्कूलों जैसी शिक्षा मिल सकती है। इस दौरान पर प्रदेश सह समन्वयक सुमित खन्ना सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।