आनंद शर्मा बोले, बिगड़ती अर्थव्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदार, मंत्री मात्र कठपुतली
आनंद शर्मा ने आरेप लगाते हुए कहा मोदी सत्ता के नशे में चूर हैं व मंत्री मात्र कठपुतली बनकर रह गए हैं। गिरती अर्थव्यवस्था के लिए सिर्फ मोदी जिम्मेदार हैं।
शिमला, जेएनएन। कांग्रेस ने देश की गिरती अर्थव्यवस्था पर मंगलवार को शिमला में चिंतन किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल सहित अन्य नेताओं केंद्र की मोदी सरकार की घेरेबंदी की। आनंद शर्मा ने कहा जीएसटी, नोटबंदी और गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश मंदी की मार झेल रहा है। आनंद शर्मा ने आरेप लगाते हुए कहा मोदी सत्ता के नशे में चूर हैं व मंत्री मात्र कठपुतली बनकर रह गए हैं। गिरती अर्थव्यवस्था के लिए सिर्फ मोदी जिम्मेदार हैं। कांग्रेस नेताओं ने बिगड़ती अर्थव्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के माध्यम से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन सौंपा। रजनी पाटिल ने कहा कि जीडीपी पांच फीसद से नीचे आ गई है। रोजगार छिन रहा है और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं सहप्रभारी गुरकीरत सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री मुख्य वक्ता रहे। चिंतन शिविर में कांग्रेस पार्टी के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों के अतिरिक्त महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, इंटक के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र में भाजपा नेतृत्व वाली मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में आर्थिक मंदी बढ़ती जा रही है जो अति चिंता का विषय है।