जीएस बाली बोले, सरकार ने जो विकास करवाना है करवाए पर कांगड़ा की अनदेखी नहीं होगी सहन
GS Bali Hit Himachal Govt प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीएस बाली ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
कांगड़ा, जेएनएन। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जीएस बाली ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा को ब्रिक्स परियोजना से बाहर कर दिया है, जिससे जिले की कई योजनाएं प्रभावित होंगी। कांगड़ा में अपने निवास स्थान पर आयोजित पत्रकार सम्मेलन में जीएस बाली ने कहा प्रदेश सरकार ने जिला कांगड़ा के साथ कुठाराघात किया है। प्रदेश के सबसे बड़े जिले की प्रदेश सरकार ने अनदेखी की है और विकास के कई प्रोजेक्ट लटक जाएंगे।
उन्होंने कहा पूर्व में कांग्रेस सरकार के शीतकालीन प्रवास के दौरान ब्रिक्स परियोजना के तहत प्रोजेक्टों का शुभारंभ किया था। लेकिन ब्रिक्स परियोजना से बाहर किए जाने से यह सभी प्राजेक्ट लटक जाएंगे। बाली ने कहा सरकार को जहां विकास करवाना है करवाए, वह उसके विरोधी नहीं हैं। लेकिन कांगड़ा की अनदेखी की जाएगी तो इसे सहन नहीं किया जाएगा।
कांगड़ा अपने आप में ही एक महत्वपूर्ण जिला है और इसके साथ भेदभाव ठीक नहीं है। लेकिन ऐसा करके यह सरकार पता नहीं क्या दर्शाना चाहती है। कांगडा हवाई अड्डा के विस्तारीकरण पर बोलते हुए कहा समय के हिसाब से हवाई अड्डे का विस्तार जरूरी है, लेकिन इसमें स्थानीय लोगों का विस्थापन कम से कम हो और लोगों को अधिक परेशानियों का सामना न करना पडे, इसका सरकार विशेष ख्याल रखे।
जीएस बाली ने कहा प्रदेश सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, जिससे सरकार बिल्कुल ही बेखबर है। सरकार को प्रदेश में अधिक से अधिक रोजगार मुहैया करवाना चाहिए, ताकि प्रदेश में बेरोजगारी पर नियंत्रण किया जा सके। बाली ने कहा प्रदेश में दिन-प्रतिदिन सीमेंट के रेट आसमान छू रहे हैं, जिस पर सरकार कोई काम नहीं कर रही है। उन्होंने कहा सरकार बताए कि पॉवर प्रोजेक्ट के साथ साइन कर उनमें पीपीए किस रेट पर हो रहे हैं और अन्य राज्यों को किस रेट बेचे जा रहे हैं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस नेता अजय वर्मा समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे।