हिमाचल उपचुनाव: पर्यवेक्षक तय करेंगे धर्मशाला और पच्छाद से कांग्रेस प्रत्याशी
विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कौन होगा यह पर्यवेक्षक तय करेंगे। कांग्रेस हाईकमान ने दो प्रत्याशी नियुक्त कर दिए हैं।
धर्मशाला/शिमला, जेएनएन। विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कौन होगा यह पर्यवेक्षक तय करेंगे। कांग्रेस हाईकमान ने दो प्रत्याशी नियुक्त कर दिए हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं उप महापौर एचएस लक्की को पच्छाद व जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व मंत्री योगेश साहनी को धर्मशाला उपचुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों को सप्ताह के अंदर अपने-अपने चुनाव क्षेत्र का दौरा करने व पार्टी नेताओं से विचार-विमर्श कर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी का चयन करने को कहा है। इन्हें सप्ताह में रिपोर्ट हाईकमान को सौंपनी होगी। इसके बाद प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने दिल्ली में पार्टी के दिग्गज नेताओं से उपचुनाव को लेकर चर्चा की है। इस दौरान कुछ नामों पर भी मंथन हुआ है। इसके बाद ही कांग्रेस प्रत्याशियों के चयन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी चर्चा होने की सूचना है। इसके अलावा जमीनी स्तर की हकीकत खंगालने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सर्वेक्षण भी करवा रही है। इसकी रिपोर्ट भी जल्द ही आएगी। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट और सर्वेक्षण कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारेगी।