दिल्ली से लाैटते ही मंत्रिमंडल फेरबदल व विस्तार पर दिया सीएम जयराम ठाकुर ने बयान, पढ़ें खबर
CM Comment on Cabinet Extension मुख्यमंत्री ने सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा मंत्रिमंडल फेरबदल व विस्तार पर बयान दिया।
शिमला, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार दोपहर बाद दिल्ली से शिमला पहुंच गए। सीएम जयराम सोमवार को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए दिल्ली गए थे। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा मंत्रिमंडल फेरबदल व विस्तार पर बयान दिया। उन्होंने कहा अब शीघ्र ही मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए व्यस्तता थी, इसके साथ साथ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी था।
जिस कारण मंत्रिमंडल विस्तार करना संभव नहीं हो रहा था। अब राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा अध्यक्ष पद का चुनाव हो चुका है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार शीघ्र किया जाएगा। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर मुस्कुराते हुए जयराम ठाकुर ने मंत्रिमंडल फेरबदल व विस्तार को लेकर कहा शीघ्र ही यह काम पूरा किया जाएगा।
किशन कपूर के सांसद चुने जाने के बाद एक मंत्री पद खाली हुआ था, जबकि मंडी संसदीय सीट से पुत्र आश्रय शर्मा को कांग्रेस पार्टी का टिकट मिलने के बाद अनिल शर्मा ने मंत्री पद छोड़ दिया था। अब विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल के प्रदेश भाजपा का मुखिया बनने से एक मंत्री पद और खाली होने के कयास हैं। बताया जा रहा है किसी मंत्री को ही विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। ऐसे में तीन नेताओं को मंत्री बनाया जा सकता है तो वहीं कार्यप्रणाली को देखते हुए कुछ मंत्रियों के विभाग में भी फेरबदल किया जा सकता है।
सीएए विराेधी कर रहे राजनीति, प्रदेश में जल्द होगा लागू
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि हिमाचल में सीएए वर्तमान स्वरूप में ही लागू होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नागरिकता संशोधन अधिनियम के मामले में बेवजह राजनीति कर रही है। यह कानून देश हित में है। पड़ोसी पंजाब राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस द्वारा सीएए को लागू नहीं करने का प्रस्ताव पारित किया गया है, इस संबंध में पूछे गए सवाल पर जयराम ठाकुर का कहना था कि विपक्षी राजनीतिक दल नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
बजट सत्र के बाद लागू होगा मोटर वाहन अधिनियम
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा विधानसभा के बजट सत्र में मोटर वाहन अधिनियम पर फैसला लिया जाएगा। बजट सत्र के उपरांत नए मोटर वाहन अधिनियम को राज्य में लागू किया जाएगा। सरकार ने इस संबंध में तैयारी कर ली है।