स्पीति के लारा नाले में बादल फटा, समदो-काजा मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध
Cloud Burst Spiti हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जिला लाहुल स्पीति में बादल फटने से नुकसान हुआ है। स्पीति घाटी के लारा नाले में बादल फटने से काजा समदो मार्ग अवरुद्ध हो गया है। घटना आधी रात एक बजे घटी है जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
काजा, जागरण संवाददाता। Cloud Burst Spiti, हिमाचल प्रदेश के दुर्गम जिला लाहुल स्पीति में बादल फटने से नुकसान हुआ है। स्पीति घाटी के लारा नाले में बादल फटने से काजा समदो मार्ग अवरुद्ध हो गया है। घटना आधी रात एक बजे घटी है, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन सड़क को भारी नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रही बारिश से रोहतांग, मनाली लेह मार्ग सहित तांदी संसारी मार्ग पर सफर जोखिम भरा हो गया है। रोहतांग मार्ग पर मढ़ी से रोहतांग तक जगह-जगह भूस्खलन हुआ है, जिससे वाहन चालकों व पर्यटकों की दिक्कत बढ़ी है।
बादल फटने से बंद काजा समदो मार्ग को बीआरओ सुबह से ही बहाल करने में जुटा हुआ है। एसडीएम काजा महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया बादल फटने से सड़क को नुकसान हुआ है। उन्होंने घाटी में आने वाले पर्यटकों से आग्रह किया कि वह मौसम के हालात देखकर ही सफर करें। उन्होंने पर्यटकों से आग्रह किया कि वह नदी किनारे न जाएं। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि सड़क बहाली जारी है जल्द ही सड़क बहाल कर ली जाएगी।
आनी में बादल फटने से तबाही
कुल्लू के आनी उपमंडल में शनिवार को बादल फटने के कारण भारी तबाही हुई थी। सुबह हुई भारी बारिश से भूस्खलन से 25 बीघा भूमि में मलबा आने से 700 सेब के पेड़ों को नुकसान हुआ जबकि दो वाहन बह गए। आठ घरों के डंगे गिरे हैं व 25 परिवार प्रभावित हुए। आनी की बुच्छैर पंचायत के खादवीं और तराला गांवों की पहाड़ी पर शनिवार सुबह तेज बारिश के साथ अचानक भूस्खलन आरंभ हो गया। भारी मलबा गांव के खेतों को बहाता हुआ ले गया। भूस्खलन होने से आई बाढ़ में खादवी, सरट और तराला गांव में सबसे ज्यादा मलबा आया। मलबे की चपेट में दो वाहन आ गया और 25 मीटर तक बहते हुए चले गए। तराला गांव की जमीन पर बड़ी दरारें आ गई हैं।