सीएम ने भरी हामी, फिर बहुरेंगे सौरभ वन विहार के दिन Kangra News
Saurav Van Vihar again construct मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सौरभ वन विहार का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
पालमपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि सौरभ वन विहार का पुनर्निर्माण किया जाएगा। बरसात खत्म होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यामिनी परिसर में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूगल खड्ड में आई बाढ़ से कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद कै. सौरभ कालिया को समर्पित सौरभ वन विहार को भारी क्षति हुई है। उन्होंने माना कि पिछले साल सुधार के प्रोसेस में कमियां रही हैं। सौरभ वन विहार को बेहतर स्थिति में लाने के लिए अधिकारियों से बातचीत हुई है और इसके लिए प्रस्तावित राशि को शीघ्र जारी कर दिया जाएगा। उपचुनाव में संगठन व सरकार मिलकर कार्य कर दोनों सीटों पर विजय हासिल करेंगे। पालमपुर को नगर निगम बनाने के सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि मामला सरकार के विचाराधीन है तथा उचित समय आने पर इस बाबत कदम उठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 23 सितंबर को न्यूगल खड्ड में आई बाढ़ ने सौरभ वन विहार के प्रारूप को बिगाड़ दिया था। अधिकतर क्षेत्र में रेत और पत्थर भरने से नौका विहार का नामोनिशान तक मिट गया था। उस दौरान वन मंत्री ने तुरंत दौरा कर जायजा लिया था तथा इसे अन्य जगह शिफ्ट करने की बात कही थी। उस दौरान तत्कालीन सांसद शांता कुमार के इसी जगह अड़े रहने पर इस कार्य में कोई प्रगति नहीं हो पाई थी। इस साल अगस्त में पुन: न्यूगल खड्ड में आई बाढ़ ने रही सही कसर भी पूरी कर दी है। मंगलवार को जैसे ही मुख्यमंत्री ने शांता कुमार से मंत्रणा की तो इसके बाद उन्होंने सौरभ वन विहार के पुनर्निर्माण के लिए हामी भर दी है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री विपिन ङ्क्षसह परमार, विधायक राकेश पठानिया, मुल्खराज प्रेमी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा व मंडल अध्यक्ष संजीव सोनी समेत अन्य नेता मौजूद रहे।