जयराम बाेले, कांग्रेस को सिर्फ बातें बनाने और कागजी काम करने की आदत
दो दिवसीय प्रचार अभियान के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला हलके के तहत घणा व टंग में जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशी विशाल नैहरिया के लिए समर्थन मांगा।
धर्मशाला, जेएनएन। दो दिवसीय प्रचार अभियान के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने धर्मशाला हलके के तहत घणा व टंग में जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशी विशाल नैहरिया के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और कांग्रेस पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा, क्रिकेट स्टेडियम से ही धर्मशाला की पहचान बनी है। पर्यटन की दृष्टि सेधर्मशाला को विकसित करने के काम जारी है। धर्मशाला-मैक्लोडगंज रोपवे का काम पूरा होने वाला है। हिमानी चामुंडा रोपवे को फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिल चुकी है और शीघ्र निर्माण कार्य शुरू होगा। धर्मशाला प्रदेश का महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए सरकार को यहां का प्रतिनिधित्व करने वाला युवा चेहरा चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दूसरी राजधानी हो या नगर निगम कांग्रेस को सिर्फ बातें बनाने और कागजी काम करने की आदत है, जबकि भाजपा काम करने पर विश्वास करती है। यहां के लोगों के लिए अच्छी बात तो यह है कि केंद्र में प्रतिनिधित्व करने वाले सांसद किशन कपूर व उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी विशाल नैहरिया जनता से भलीभांति परिचित है। जनसभा के दौरान कांग्रेस का प्रचार करने वाली कार गाने बजाते गुजरी तो सभी का ध्यान उस ओर चला गया। इस पर सीएम ने कहा कि जो अभी गाना बजाते गए वे तो न दिल्ली और न ही प्रदेश में हैं। इस दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य जगत राम ने 20 सदस्यों, महिला मंडल की प्रधान इंदू देवी ने 17, तगरोटी से राजेश कुमार सात व चामुंडा से व्यापार मंडल के अध्यक्ष अश्विनी काजल समेत 40 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कर्नल रजनीश के घर जताया शोक
भूटान में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल रजनीश परमार के मारंडा स्थित आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शोक जताया। जयराम ठाकुर ने कर्नल रजनीश के पिता मुख्त्यार सिंह को सांत्वना दी। रजनीश भारतीय सेना में पायलट थे और 27 सितंबर को जन्मदिन वाले दिन ही हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी।