एक साल से गहराए पेयजल संकट पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, पहुंची जिला मुख्यालय Kangra News
चैतड़ू के लोग एक साल से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। कई जगह मांग को बुलंद करने के बावजूद कोई हल न करने पर अब लोगों ने चक्काजाम की चेतावनी दी है।
धर्मशाला, जेएनएन। चैतड़ू के लोग एक साल से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। कई जगह मांग को बुलंद करने के बावजूद कोई हल न करने पर अब लोगों ने चक्काजाम की चेतावनी दी है। मंगलवार को चैतड़ू गांव की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। महिला मंडल प्रधान के नेतृत्व में प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की। महिलाओं ने दो टूक कहा कि अगर अब समस्या हल नहीं हुई तो चक्का जाम होगा। हालत यह है कि बरसात में भी लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। महिलाओं ने इसके लिए आइपीएच विभाग के साथ जिला प्रशासन जिम्मेदार ठहराया है।
चैतड़ू पंचायत की महिलाओं सुकेश लता, सुमन देवी, ललिता देवी, रीना देवी व महिला मंडल प्रधान सरोज देवी सहित गांव बनवाला व गडंबा के वार्ड एक, दो, तीन, चार व पांच की महिला मंडल पदाधिकारियों ने उपायुक्त कार्यालय में रोष जताया। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में पांच साल से पेयजल समस्या है, लेकिन एक साल से ये समस्या और भी गहरा गई है। तीसरे दिन पानी आता है वह भी 10 से 15 मिनट के लिए, ऐसे में उनकी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में स्पष्ट किया कि मौजूदा समय में पेयजल योजना के विस्तार की आवश्यकता है, ताकि उन्हें उचित मात्रा में पानी मिल सके।
उन्होंने एडीसी राघव शर्मा से मांग उठाई कि जल्द पेयजल समस्या का समाधान करवाए जाए अन्यथा वे चक्काजाम करेंगी।
वहीं, अतिरिक्त उपायुक्त राघव शर्मा ने बताया कि चैतडू की महिलाएं उनसे मिली हैं और उन्होंने पेयजल समस्या की शिकायत की है। इस संबंध में आइपीएच के अधिशाषी अभियंता को स्वयं मौके का जायजा लेकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। महिलाओं की समस्या का जल्द स्थायी समाधान करवाया जाएगा।