24 फरवरी को कांगड़ा में पन्ना प्रमुख सम्मेलन के बाद तय होंगे भाजपा के प्रत्याशी
कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का पन्ना प्रमुख सम्मेलन 24 फरवरी को होगा। इसके बाद भाजपा के प्रत्याशी तय कर दिए जाएंगे।
जेएनएन, धर्मशाला। भाजपा के प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तीर्थ सिंह रावत ने धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत में कहा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र का पन्ना प्रमुख सम्मेलन 24 फरवरी को होगा। इसे लेकर शीघ्र जगह का चयन किया जाएगा और पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व से वरिष्ठ नेता इस पन्ना सम्मेलन में भाग लेंगे। रावत ने कहा पार्टी का वरिष्ठ नेतृत्व फरवरी अंत तक या मार्च के पहले सप्ताह तक प्रदेश में लोकसभा के चेहरे भी फाइनल करेगा।
रावत ने कहा मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अथाह विकास करवाया है। इससे पहले एक ही परिवार ने केवल सत्ता पाने के लिए संघर्ष किया था व उनके लिए विकास के कोई मायने नहीं थे। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल घोषणाएं ही नहीं बल्कि उन्हें अमलीजामा पहनाते हुए समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाने की नींव भी रखी है।
उन्होंने कहा प्रदेश की भाजपा सरकार ने भी अपने एक वर्ष के कार्यकाल में विकास के कई आयाम छुए हैं, और जनता के साथ किए गए वादों को पूरा किया है। रावत ने कहा अब लोकसभा के चुनाव को लेकर कुछ ही समय बचा है और पार्टी पूरी तरह से इन चुनाव के लिए तैयार है। चुनाव में भाजपा प्रदेश की चारों सीटों को जीतेगी ही नहीं बल्कि पिछले चुनाव के मुकाबले मत प्रतिशतता भी बढ़ाएगी।
रावत ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अन्य राज्यों के मुकाबले पार्टी की गतिविधियां कहीं अधिक रफ्तार से चली हुई हैं, और पार्टी लोकसभा के चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। पार्टी के कार्यकर्ता भी केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच हैं।