विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मशाला नगर निगम में अफसरशाही हावी, पांच महीने से विकास कार्य ठप

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:00 PM (IST)

धर्मशाला नगर निगम के पार्षदों ने आरोप लगाया है कि निगम में अफसरशाही हावी है, जिससे पिछले पांच माह से विकास कार्य ठप पड़े हैं।

धर्मशाला नगर निगम में अफसरशाही का बोलबाला, विकास कार्य ठप।

धर्मशाला नगर निगम में अफसरशाही का बोलबाला, विकास कार्य ठप।

HighLights

  1. नगर निगम में अफसरशाही हावी, विकास कार्य ठप

  2. पार्षदों ने पांच माह से काम न होने पर सवाल उठाए

  3. अधिकारियों को हटाने और कार्यों की समीक्षा की मांग

संवाद सहयोगी, धर्मशाला। धर्मशाला नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर खनियारा वार्ड के पार्षद प्रवीण कुमार और दाड़ी के हर्ष ओबराय ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम में अफसरशाही हावी हो गई है और पिछले पांच माह से विकास कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहे हैं।

आमसभा में पारित प्रस्तावों पर भी अमल नहीं हो रहा है, जिससे वार्डों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने धर्मशाला में पत्रकारों से कहा कि चुनाव के बाद आयोजित आमसभा में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए थे लेकिन 19 अक्टूबर को हुई बैठक की कार्यवाही की प्रति 22 नवंबर तक पार्षदों को उपलब्ध नहीं करवाई गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि हाउस में लिए गए फैसलों को लागू करने के बजाय अधिकारियों की ओर से अपनी मर्जी के काम थोपने का प्रयास किया जा रहा है। स्थिति यह है कि जेई को मौके पर बुलाने के बावजूद वह निरीक्षण के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। कर्मचारियों का ड्यूटी रोस्टर तक तैयार नहीं हो पाया है।

एक वार्ड को महज तीन लाख रुपये का बजट दिया गया है लेकिन वह राशि भी खर्च नहीं हो पा रही है। वार्डों में बेलदार तक उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं, जिससे सफाई और छोटे जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के किनारे अतिक्रमण बढ़ रहा है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पहले से अवार्ड हो चुके विकास कार्य भी ठप पड़े हैं और ठेकेदार फोन तक नहीं उठाते। उन्होंने मांग की कि कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों को नगर निगम से हटाया जाए।

हर्ष ओबराय और प्रवीण कुमार ने दाड़ी धुम्मूशाह मेले की आय के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मेले से करीब दो करोड़ रुपये की आय होती है, लेकिन दाड़ी मैदान की सफाई और रखरखाव पर ही उचित खर्च नहीं किया जा रहा है।

आरोप लगाया कि मेले के फंड का इस्तेमाल मैराथन जैसे आयोजनों में किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पहले से अवार्ड किए गए कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई जाए और जिन कार्यों में प्रगति नहीं हुई है, उनके टेंडर रद कर नए सिरे से करवाए जाएं। पार्षदों ने स्पष्ट किया कि वे अपने वार्डों के अधिकारों और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।