सत्ती की दो टूक, उपचुनाव में नहीं चलेगी कोई लाॅबिंग, कार्यकर्ता को मिलेगा टिकट Kangra News
Workers Lobing for Ticket सत्ती ने दो टूक कहा कि उपचुनाव में कोई लॉबिंग नहीं चलेगी पार्टी कार्यकर्ता को हाईकमान टिकट देगा।
धर्मशाला, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में लीड दिलाने वाले बूथपालकों के लिए मंडल भाजपा धर्मशाला की ओर से आयोजित त्रिदेव सम्मान समारोह में भाजपा ने धर्मशाला व पच्छाद हलकों के उपचुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कार्यकर्ताओं को उपचुनाव की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही मंच से दोनों ही हलकों के कार्यकर्ताओं को लीड के लक्ष्य भी दे डाले। सत्ती ने दो टूक कहा कि उपचुनाव में कोई लॉबिंग नहीं चलेगी, पार्टी कार्यकर्ता को हाईकमान टिकट देगा।
उन्होंने कहा, जिस तरह लोकसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाई है, उसी तरह उपचुनाव में भी पसीना बहाना पड़ेगा। बकौल सत्ती, विपक्ष भी जान गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी के आगे कोई स्टैंड नहीं करता है। तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में खाओ, पीयो और मौज करो की विचारधारा वाले लोग हैं। इस मौके पर सत्ती और सांसद किशन कपूर ने अपने-अपने बूथों में पार्टी को जीत दिलाने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। सांसद ने कहा कि वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में छोटी सी गलती से हार हुई थी, क्योंकि उस दौरान वाजपेयी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को यह नहीं बता पाए थे कि ये योजनाएं वाजपेयी सरकार की हैं।
भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि प्रदेश भाजपा को मिली जीत के कारण कार्यकर्ता घमंड न करें। इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, नगरोटा बगवां के विधायक अरुण मेहरा, भाजयुमो के प्रदेश कोषाध्यक्ष विपन नैहरिया, सचिव विशाल नैहरिया, जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, डॉ. विशाल नैहरिया, राकेश शर्मा, संजय शर्मा व मंडलाध्यक्ष रमेश अटवाल सहित अन्य मौजूद रहे।
रमेश धवाला के पक्ष में उतरे कार्यकर्ता
ज्वालामुखी भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को विश्राम गृह में हुई। इस दौरान भाजपा संगठनात्मक जिलाध्यक्ष नरेश चौहान ने कहा कि भाजपा के कुछ लोग कांग्रेसियों को खुश करने के लिए सीएम से मिले थे और उन्होंने रमेश धवाला के खिलाफ दुष्प्रचार किया था। मंडल भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों विमल चौधरी, प्रीतम भाटिया, विजय मेहता, रामस्वरूप शास्त्री, स्वर्णा देवी, सलोचना देवी, हरि ङ्क्षसह, प्रवीण, दीपक व अन्य ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस मौके पर प्रस्ताव पारित किया कि धवाला के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले पदाधिकारियों को निष्कासित करने की मांग पार्टी हाईकमान से की जाएगी।