भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल की शांता कुमार के साथ बंद कमरे में एक घंटे तक मंत्रणा, बताया रोडमैप
हिमाचल प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पालमपुर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार से बंद कमरे में करीब एक घंटे तक मंत्रणा की।
पालमपुर, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पालमपुर पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार से बंद कमरे में करीब एक घंटे तक मंत्रणा की। राजीव बिंदल सवेरे ही शांता कुमार के आवास पर पहुंच गए थे। इस दौरान किसी कार्यकर्ता को भी उनके पालमपुर पहुुंचने की भनक तक नहीं लग पाई। राजीव बिंदल का पालमपुर आने का कार्यक्रम था लेकिन समय तक नहीं था। कार्यकर्ता दोपहर तक ही उनके पहुंचने की उम्मीद लगाए बैठे थे। लेकिन उन्होंने समय से पहले पहुंचकर कार्यकर्ताओं को अचंभित कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों नेताओं के बीच मंत्रणा चली।
बैठक के बाद बाहर निकलकर राजीव बिंदल ने मीडिया से बातचीत में कहा मुझे संगठन ने महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया है। पार्टी को प्रदेश में खड़ा करने वाले सभी नेताओं के पास जाकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त कर रहा हूं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शांता कुमार से काफी देर चर्चा की व मार्गदर्शन लिया। बीते कल यानी शुक्रवार को हमीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से चर्चा की थी और शनिवार शाम को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त करूंगा। बिंदल ने कहा प्रदेश में संगठन मजबूत है, लेकिन इसे और पैना किया जाएगा।
नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता जुट गए। पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा, भाजपा महिला मोर्चा नेता इंदु गोस्वामी समेत अन्य नेताओं ने राजीव बिंदल को पुष्पगुच्छ भेंटकर बधाई दी।
कार्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत
डॉक्टर राजीव बिंदल बीते कल जब भाजपा के प्रदेश कार्यालय दीपकमल पहुंचे तो वहां उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर डॉ. बिंदल ने कार्यालय के सभी विभागों का निरीक्षण किया। सभी कर्मचारियों से मुलाकात भी की। इस दौरान उन्होंने पार्टी की पत्रिका दीपकमल संदेश के कार्यालय का निरीक्षण भी किया। पत्रिका के संपादक गणेश दत्त से मुलाकात की और पत्रिका के बारे में चर्चा की। पत्रिका को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने के लिए पार्टी की विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों की जानकारी प्रदेश के सभी 50 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को इसके माध्यम से प्राप्त हो, इसके लिए प्रयास किया जाना चाहिए।