Himachal Assembly By Election 2019: धर्मशाला से विशाल नेहरिया और पच्छाद से रीना कश्यप भाजपा उम्मीदवार तय
Himachal Assembly By Election 2019 उपचुनाव के लिए भाजपा के टिकट भी लगभग तय हैं। फाइनल हुए नाम आज सामने आएंगे।
धर्मशाला, जेएनएन। धर्मशाला व पच्छाद विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। धर्मशाला से विशाल नेहरिया और पच्छाद से रीना कश्यप को टिकट दिया गया है। काफी दिन से भाजपा में टिकट को लेकर माथापच्ची चल रही थी। नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन से एक दिन पहले पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। टिकटों पर शनिवार देर रात तक संसदीय बोर्ड की बैठक में मंथन चलता रहा। देर रात तक टिकट तय हो जाने की भी चर्चा रही।
विशाल नेहरिया अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता रहे हैं। वह कॉलेज व रीजनल सेंटर में एससीए प्रधान भी रहे हैं। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ईसी के सचिव भी रहे हैं। युवाओं में विशाल नेहरिया की अच्छी पकड़ मानी जाती है। वर्तमान में वह भाजपा युवा मोर्चा के राज्य सचिव हैं। एलएलबी और एमएमसी की पढ़ाई की है।
रीना कश्यप 2006 से भाजपा की सदस्य हैं। 2011 से 16 तक शिलांगी राजगढ़ से जिला परिषद की सदस्य रही हैं। महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हैं। भाजपा एससी मोर्चा की मीडिया सह प्रभारी भी हैं। रीना के ससुर जिया लाल भाजपा एसटी मोर्चा पच्छाद के अध्यक्ष हैं। रीना कश्यप ने एमए तक पढ़ाई की है।
धर्मशाला व पच्छाद से छह-छह नाम हाईकमान को भेजे थे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान धर्मशाला से उमेश दत्त का नाम घोषित हो चुका था लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने किशन कपूर को चुनाव मैदान में उतारा था।