कांग्रेस ने सेना का मनोबल कम करने की साजिश की : किशन कपूर
किशन कपूर ने कहा कि कांग्रेस ने देश को कमजोर किया है। कांग्रेस ने सेना का मनोबल गिराने की साजिश की है।
नूरपुर, जेएनएन। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत वीरवार को सुल्याली में एससी सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने कहा कि कांग्रेस नेहरू के समय से अभी तक गरीबी हटाओ का रोना रो रही है। लेकिन इतने लंबे शासन के बावजूद कांग्रेस देश में गरीबी कम करने में विफल रही है। कांग्रेस ने देश को कमजोर किया है। कांग्रेस ने सेना का मनोबल गिराने की साजिश की है। जबकि नरेंद्र मोदी हमारे सेना के लिए चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने की। इस मौके पर भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विधायक मुलख राज प्रेमी, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर व विधायक राकेश पठानिया मौजूद रहे।
इस मौके पर विधायक राकेश पठानिया ने कहा यह चुनाव देश के भविष्य के लिए है। एससी वर्ग के हितों की रक्षा केवल भाजपा ने की है। मुलख राज प्रेमी विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष भाजपा एससी मोर्चा ने कहा कांग्रेस ने हमेशा एससी वर्ग को वोट बैंक के रूप में प्रयोग किया है। भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर संसद में कांगड़ा-चंबा की आवाज को बुलंद करेंगे। उन्होंने किशन कपूर को समर्थन देने की अपील की। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा हमारा सबसे बडा धर्म यह है कि हम भाजपा को समर्थन देकर देश की बागडोर नरेंद्र मोदी जैसे सशक्त हाथों में दें।