हिमाचल से भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी पर नहीं दिल्ली से नहीं हुआ फैसला, चर्चा में चलते रहे ये नाम
हिमाचल से भाजपा का राज्यसभा प्रत्याशी कौन होगा इसके लिए दिल्ली में मंथन चल रहा है। अभी तक फैसला नहीं हो सका है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल से भाजपा का राज्यसभा प्रत्याशी कौन होगा, इसके लिए दिल्ली में मंथन चल रहा है। अभी तक फैसला नहीं हो सका है। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में हिमाचल को छोड़ अन्य कई राज्यों से प्रत्याशियों के नाम फाइनल हो गए हैं, लेकिन हिमाचल के प्रत्याशी के नाम पर सहमति नहीं बन सकी है। बुधवार को भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी के नाम को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा गरम रही। विधानसभा चुनाव में पालमपुर से प्रत्याशी रहीं इंदु गोस्वामी के नाम की दिनभर चर्चा होती रही। इसके अलावा कुलदीप चंद अग्निहोत्री व महेंद्र पांडे के नाम की भी चर्चा थी।
सूत्र बताते हैं कि हिमाचल भाजपा के कई नेता महेंद्र पांडे को राज्यसभा भेजने के लिए लगातार लाबिंग कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि के कुलपति कुलदीप चंद अग्निहोत्री नाम की पैरवी भी भाजपा के मजबूत नेताओं की ओर से दिल्ली तक की जा रही है। महिला फेक्टर में इंदु गोस्वामी के नाम पर मुहर तक लगने की चर्चा है, लेकिन घोषणा का इंतजार करने की बात कही जा रही है। इसके सबके बीच राज्यसभा के लिए भाजपा का प्रत्याशी कौन होगा इस पर सभी राजनीतिक दलों की भी निगाहें लगी हैं।
वहीं, राज्यसभा के लिए भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही लॉबिंग का हाईकमान पर कितना असर हो पाता है यह तो भविष्य बताएगा, लेकिन बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में किसी के नाम पर मुहर न लगने से नेताओं की धुकधुकी बढ़ गई है। अब कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से राज्य में पिछले दिनों विधानसभा अध्यक्ष को लेकर आए फैसले के बाद अब यह नाम भी चौकाने वाला होगा या फिर राज्य भाजपा की चुनाव समिति की ओर से भेजे गए पैनल में से होगा।
नामांकन कल
हिमाचल से राज्यसभा की सीट के लिए शुक्रवार को नामांकन पत्र दायर किया जाना है। यह सीट कांग्रेस नेता विप्लव ठाकुर का कार्यकाल पूरा होने के कारण खाली हुई है। इसलिए भाजपा नेताओं का बड़ा धड़ा महिला के स्थान पर महिला नेता को ही राज्यसभा भेजने की पैरवी भी कर रहा है। इसलिए राज्यसभा की टिकट हासिल करने की जंग और रोचक होती जा रही है।