भटियात बीडीसी अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा, शपथ के बाद चुनाव, कांग्रेस ने लगाया यह आरोप
Bhatiyat BDC भटियात बीडीसी सदस्यों का आज समिति हाल चुवाड़ी में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसके साथ ही बीडीसी चेयरमैन पद के लिए भी चुनाव हो गया जिसमें भाजपा ने एकतरफा बाजी मार ली। यहां अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक-एक नामांकन ही प्राप्त हुआ।
चुवाड़ी, जेएनएन। भटियात बीडीसी सदस्यों का आज समिति हाल चुवाड़ी में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसके साथ ही बीडीसी चेयरमैन पद के लिए भी चुनाव हो गया, जिसमें भाजपा ने एकतरफा बाजी मार ली। यहां अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक-एक नामांकन ही प्राप्त हुआ। इसमें खनोडा वार्ड से विजेता उम्मीदवार अनीता देवी को बीडीसी चेयरमैन तथा मेल वार्ड से जीते पंकज कुमार को वाइस चेयरमैन चुन लिया गया है। इस मौके पर विधायक विक्रम सिंह जरयाल व भाजपा कार्यकारणी के सदस्य मौजूद रहे। इस नियुक्ति की एसडीएम भटियात बचन सिंह ने पुष्टि की है। कांग्रस यहां कोई दावा पेश नहीं कर पाई है।
नगर पंचायत चुवाड़ी की सत्ता पर कब्जा करने वाली कांग्रेस को यहां मुंह की खानी पड़ी है। विधायक विक्रम सिंह जरयाल ने कहा ओच्छे हथकंडे अपना कर नगर पंचायत पर कब्जा करने वाली कांग्रेस का असली चेहरा फिर सामने आ चुका है। उन्होंने कहा बीडीसी चुनाव में सच की जीत हुई है तथा साजिश करने वालों को मुंह की खानी पड़ी है।
उधर, इस संदर्भ में कांग्रेस के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया आज केवल बीडीसी सदस्यों का केवल शपथ ग्रहण समारोह था। लेकिन एसडीएम भटियात पर राजनितिक दबाव बना कर आज ही चुनाव करवा दिया गया है, जो निंदनीय है।