ट्रक यूनियन नालागढ़ की मनमानी के खिलाफ उद्योग संगठन ने खोला मोर्चा, बोले- नहीं सही जाएगी गुंडागर्दी
BBN Industrialist Association ट्रक यूनियन नालागढ़ की मनमानी को लेकर बीबीएन के उद्योग संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है।
सोलन, जागरण संवाददाता। ट्रक यूनियन नालागढ़ की मनमानी को लेकर बीबीएन के उद्योग संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। तमाम उद्योग संगठनों ने एक छत के नीचे आकर सरकार से गुहार लगाई है कि अब हम ट्रांसपोर्ट यूनियन से भाड़े कम करने की गुहार नहीं लगाएंगे, बल्कि आर पार की लड़ाई करेंगे। आज बद्दी में पत्रकारों से बातचीत में बीबीएनआइए, गत्ता उद्योग संघ, लघु उद्योग भारती, नालागढ़ उद्योग संघ, दवा निर्माता संघ व परवाणु उद्योग संघ के पदाधिकारियों ने यह बात कही। उन्होंने कहा हमें समझ नहीं आ रहा कि हम कौन से देश में जी रहे हैं, जहां दो-दो कानून हैं एक कानून सरकार है दूसरा ट्रक यूनियन का है।
कहने तो मोदी व जयराम सरकार समान मौलिक अधिकारों की बात करते हैं और दुहाई देते हैं लेकिन दूसरी तरफ बीबीएन में ट्रक यूनियन नालागढ़ का अपना राज व साम्राज्य है। उन्होंने कहा एक साल में ट्रक यूनियन पांच बार अपने वादे से पलटी है और उसने हमें जो 10 से 22 फीसद की छूट दी थी उसको वापिस लेकर इंडस्ट्री की कमर तोड़ दी है। अब या तो हम हिमाचल से पलायन करें या यहीं रहकर लड़ें यही हमारे दो विकल्प हैं।
वोट वैंक की नीति के चलते प्रदेश की सरकारें भी कुछ कर पाने में असमर्थ रही हैं और उसका फायदा यूनियन उठाती है और पिसता पूरा हिमाचल है। विभिन्न उद्योग संगठन के पदाधिकारियों ने कहा उनको मौलिक अधिकारों के तहत ट्रांसपोर्ट के लिए अपनी मर्जी का वाहन लेने की इजाजत दी जाए। यूनियन अलग से चलती रहे हमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन अब गुंडगर्दी बिल्कुल नहीं चलेगी और न सही जाएगाी। बीबीएन उद्योग संघ के अध्यक्ष संजय खुराना व महामंत्री वाइएस गुलेरिया ने कहा कि जरुरत पड़ी तो हम कोर्ट में भी जाने से पीछे नहीं हटेंगे।