Atal Tunnel Rohtang: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मनाली पहुंचे, मोदी के दौरे को लेकर कमान संभाली
Atal Tunnel Rohtang देश व प्रदेश के लिए ऐतिहासिक पल जुड़ने में अब केवल 24 घंटे का समय शेष रह गया है। अटल रोहतांग सुरंग का उद्घाटन होने के बाद देश सामरिक दृष्टि से एक और मोर्चे पर मजबूत होगा तो दूसरी ओर जनजातीय क्षेत्र को पर्यटन के पंख लगेंगे।
मनाली, राज्य ब्यूरो। देश व प्रदेश के लिए ऐतिहासिक पल जुड़ने में अब केवल 24 घंटे का समय शेष रह गया है। अटल रोहतांग सुरंग का उद्घाटन होने के बाद देश सामरिक दृष्टि से एक और मोर्चे पर मजबूत होगा तो दूसरी ओर जनजातीय क्षेत्र को पर्यटन के पंख लगेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शिमला से मनाली पहुंच गए हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एकदिवसीय दौरे की कमान अपने हाथों में ले ली है। मनाली शहर को सजाया गया है। माल रोड क्षेत्र में भगवा झंडे जगह-जगह लगे हैं।
पुलिस जवान सुबह 7 बजे अपने गंतव्य पर पहुंच गए हैं। आज केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मनाली पहुंच रहे हैं। मनु की नगरी मनाली अटल रोहतांग सुरंग के उद्घाटन के लिए पूरी तरह से तैयार है। यहां के लोग बेहद उत्सुक हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पुराने कार्य क्षेत्र रहे इस प्रदेश में आने वाले हैं। अटल सुरंग देश की सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। सेना के जवानों और साजो सामान को सीमा तक पहुंचाने के लिए अब बर्फ से लड़ाई नहीं लड़नी पड़ेगी। न ही कुदरत के थपेड़ों का सामना करना पड़ेगा।