केंद्रीय विश्वविद्यालय पर तत्परता से कार्रवाई के लिए अनुराग ठाकुर ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, पढ़ें खबर
Central University Issue केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से तत्परता के साथ कार्रवाई कर आवश्यक मंजूरी दिलाने के लिए उनका आभार प्रकट किया है। उनके इस कदम से सीयू परिसर के जल्द निर्माण की उम्मीद जताई है।
शिमला/धर्मशाला, जेएनएन। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से तत्परता के साथ कार्रवाई कर आवश्यक मंजूरी दिलाने के लिए उनका आभार प्रकट किया है। उनके इस कदम से सीयू परिसर के जल्द निर्माण की उम्मीद जताई है। अनुराग ठाकुर ने कहा भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन होने के साथ एक संगठित परिवार है। केंद्र व हिमाचल प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध है। आपसी समन्वय से इस दिशा में कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण हो व हमारे विद्यार्थियों को प्रदेश के अंदर ही उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हो यह हम सभी की इच्छा है। उन्होंने कहा कि देहरा में मंच से साथ मिलकर केंद्र की योजनाओं को प्रदेश में समुचित रूप से लागू करने व केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए मुख्यमंत्री के सामने जो विषय उठाए थे, उस पर उन्होंने तत्काल निर्णय लेते हुए देहरावासियों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरने का प्रशंसनीय काम किया है। यह विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में बहुत सहायक होगा।