अग्निवीर सेना भर्ती: कांगड़ा और चंबा के 798 युवाओं ने पास किया ग्राउंड टेस्ट, 1182 को भेजे थे कॉल लेटर
पालमपुर सेना भर्ती कार्यालय द्वारा आयोजित अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी भर्ती में कांगड़ा और चंबा जिलों के 798 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा सफलतापूर्वक पास की।

सेना भर्ती का ग्राउंड क्लीयर करने वाले कांगड़ा व चंबा के अभ्यर्थी अधिकारियों के साथ।
HighLights
1182 उम्मीदवारों को अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी पद के लिए बुलाया गया।
कांगड़ा और चंबा के 798 युवाओं ने शारीरिक दक्षता परीक्षा पास की।
भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने सफल युवाओं को सम्मानित किया।
संवाद सहयोगी, पालमपुर। अग्निवीर सेना भर्ती में युवाओं ने बढ़-चढ़कर दमखम दिखाया। सेना भर्ती कार्यालय पालमपुर के भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने बताया कि अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के पद के लिए कुल 1182 उम्मीदवारों को हमीरपुर के अणु सिंथेटिक ट्रैक पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया। इनमें से 1113 उम्मीदवार भर्ती मैदान में पहुंचे।
798 ने पार की मैदानी बाधा
युवा अभ्यर्थियों ने भारतीय सेना में शामिल होने के अपने लक्ष्य के लिए पूरी मेहनत के साथ शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। कड़े शारीरिक परीक्षण और प्रतिस्पर्धा के बीच 798 उम्मीदवारों ने दौड़ परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। 315 अभ्यर्थी सफल नहीं हो पाए।
कांगड़ा व चंबा के युवाओं ने बहाया पसीना
हमीरपुर के अणु मैदान में 2 और 3 अक्टूबर को कांगड़ा व चंबा जिलों के युवाओं ने मैदानी परीक्षण के दौरान खूब पसीना बहाया। भर्ती प्रक्रिया के दौरान युवाओं ने अपनी शारीरिक क्षमता और उत्साह का प्रदर्शन किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले युवा सम्मानित
इस अवसर पर भर्ती निदेशक कर्नल विशाल शाह ने शारीरिक दक्षता परीक्षा, विशेषकर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार उम्मीदवारों को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं का मनोबल बढ़ाते हुए भर्ती प्रक्रिया के आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं। अब दस्तावेज जांच व मेडिकल जांच प्रक्रिया होगा।
