दोबारा राशन लिया तो पकड़े जाओगे
उपमंडल बैजनाथ में बाहरी राज्यों के लोगों तथा आर्थिक ²ष्टि से कमजोर लोगों को प्रशासन द्वारा दिए जा रहे राशन को लेकर अब बैजनाथ प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। वीरवार से प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों की अंगुली में स्याही का निशान लगाया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, बैजनाथ : उपमंडल बैजनाथ में दूसरे राज्यों के लोगों तथा आर्थिक दृष्टि से कमजोर वर्ग को दिए जा रहे राशन को लेकर अब प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। वीरवार से प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों की अंगुली में स्याही का निशान लगाया जा रहा है। अब प्रशासन इन लोगों को आपदा की इस घड़ी में सप्ताह में केवल एक बार ही राशन देगा। एसडीएम छवि नांटा ने बताया कि प्रशासन ऐसे लोगों की मदद कर रहा है लेकिन कुछ लोगों द्वारा बार-बार राशन लेने की शिकायतें आई हैं। इसके बाद ही इस व्यवस्था को शुरू किया है। वीरवार को भी कई लोगों को राशन व सब्जी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अलावा बैजनाथ उपमंडल के कई पशुपालकों तक चारा उपलब्ध करवाया है। उधर, विधायक मुल्ख राज प्रेमी ने वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों से अपडेट ली तथा उन तक पहुंच रही समस्याओं का समाधान भी करवाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सामान्य हेल्थ चेकअप के लिए नजदीक के स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्था बनाई गई है जबकि अन्य स्थिति में बैजनाथ अस्पताल में सुविधा दी जा रही है। किसी हेल्थ इमरजेंसी में बाहर के लिए पास भी प्रशासन की ओर से उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
.................
घरोह में जीवाणुरोधी छिड़काव किया
संवाद सूत्र, शाहपुर : घरोह पंचायत में वीरवार को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जीवाणुरोधी छिड़काव किया गया। प्रधान कांता धीमान व उपप्रधान तिलक शर्मा की देखरेख में घरों के आसपास गलियों, नालियों व बाजार में स्प्रे की गई। इस दौरान उन्होंने लोगों को जागरूक भी किया। उपप्रधान तिलक शर्मा ने बताया कि इस दौरान पंचायत में 1500 मास्क भी बांटे गए।