लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए प्रशासन की अनूठी पहल, आधी आबादी के नाम से चलाई जाएंगी दुकानें
Campaign for Save Girl लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन नई पहल करने जा रहा है।
धर्मशाला, राजेंद्र डोगरा। लिंग अनुपात में सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत अब उन ब्लॉकों में आधी आबादी के नाम से दुकानें चलेंगी जहां पर लड़कियां की संख्या लड़कों के मुकाबले कम है। हालांकि 2016-17 में बेटी है अनमोल योजना शुरू होने के दो वर्ष बाद जिले में लिंग अनुपात में सुधार हुआ है। जिला कांगड़ा में 2016-17 में लिंग अनुपात एक हजार लड़कों के मुकाबले 898 था, जो 2019-20 में 915 पहुंच गया है। कई ऐसे ब्लॉक हैं जहां लिंग अनुपात कम है। इनमें नगरोटा सूरियां व पंचरुखी ब्लॉक शामिल हैं।
राष्ट्रीय बालिका दिवस पर त्रिगर्त सभागार धर्मशाला में बेटी है अनमोल पर आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब उन ब्लॉकों में आधी आबादी के नाम से दुकानें चलेंगी, जहां बेटियों की संख्या कम है। इन ब्लॉकों में बेटी या पत्नी के नाम पर दुकानों का नाम रखने के लिए जिला प्रशासन लोगों को प्रोत्साहित करेगा।
ये भी होगी व्यवस्था
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देने के लिए जिजीविषा कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत हमारे गांव की बेटी, हमारी शान कार्यक्रम में हर गांव से उस बेटी को चुना जाएगा जिसकी वजह से गांव का नाम रोशन हुआ है। रोल ऑफ ऑनर डीसी का परिवार नाम से हर पंचायत में बोर्ड लगाया जाएगा और इस पर उन परिवारों के माता-पिता का नाम लिखा होगा जिनमें लड़कियां हैं।
शुभ विवाह, नया आंगन के तहत लगेगा नया रजिस्टर
आंगबाड़ी केंद्रों में एक नया रजिस्टर लगाया जाएगा। इसका नाम शुभ विवाह, नया आंगन होगा। इसमें जितने भी नवविवाहित जोड़े होंगे उनका नाम दर्ज होगा। आशा वर्कर व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर माह इन जोड़ों से मिलेंगी और उन्हें जिला प्रशासन की तरफ से पत्र व गणेश जी की मूर्ति देंगी। वे नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी देंगी।
जनभागीदारी कार्यक्रम चलेगा : डीसी
जिन ब्लॉक में बेटियों की संख्या कम है वहां जन भागीदारी कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को अपनी दुकानों का नाम बेटी या पत्नी के नाम पर रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिले के हर ब्लॉक में एक-एक लड़की को जिसने अच्छा कार्य किया है को स्थानीय चैंपियन बनाया जाएगा। -राकेश प्रजापति, उपायुक्त कांगड़ा