हिमाचल के बैजनाथ शिव मंदिर में 20 हजार अखरोटों की बरसात, श्रद्धालुओं की भारी भीड़; पुजारियों ने निभाई बरसों पुरानी परंपरा
बैजनाथ शिव मंदिर में बैकुंठ चतुर्दशी पर 20 हजार अखरोटों की बरसात की सदियों पुरानी परंपरा निभाई गई। इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े, जिससे पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा।
-1795479286241_m.webp)
हिमाचल के बैजनाथ शिव मंदिर में 20 हजार अखरोटों की बरसात। फोटो जागरण
HighLights
बैजनाथ शिव मंदिर में 20 हजार अखरोटों की बरसात हुई।
बैकुंठ चतुर्दशी पर निभाई गई सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा।
श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक अखरोट बरसात का अनुभव किया।
जागरण संवाददाता, बैजनाथ। शिवनगरी बैजनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर में सोमवार को बैकुंठ चतुर्दशी का पर्व विशेष धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में कई सालों से चली आ रही अनूठी अखरोट बरसात की परंपरा का निर्वहन किया गया।
मंदिर के पुजारियों ने करीब 20 हजार अखरोटों की बरसात करवाई। इस अनूठे धार्मिक आयोजन को देखने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए।
बैकुंठ चतुर्दशी के पावन अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद अखरोट बरसात की परंपरा निभाई गई। जैसे ही मंदिर के पुजारियों ने अखरोटों की बरसात शुरू की, पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के उत्साह और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं में अखरोट प्राप्त करने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
धार्मिक आयोजन और खास
बैजनाथ शिव मंदिर में अखरोट बरसात की यह परंपरा क्षेत्र की धार्मिक आस्था और प्राचीन लोक संस्कृति से जुड़ी हुई है। हर वर्ष बैकुंठ चतुर्दशी के अवसर पर इस आयोजन का श्रद्धालुओं को विशेष इंतजार रहता है। करीब 20 हजार अखरोटों की बरसात ने इस धार्मिक आयोजन को और भी खास बना दिया।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बैकुंठ चतुर्दशी भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना का विशेष पर्व है। इस दिन पूजा-अर्चना, दान-पुण्य और धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व माना जाता है।
बैजनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर में इस पर्व पर निभाई जाने वाली अखरोट बरसात की परंपरा मंदिर की विशिष्ट धार्मिक पहचान को दर्शाती है। उल्लेखनीय है कि बैजनाथ का शिव मंदिर देश के प्राचीन शिव मंदिरों में से एक है। इसका निर्माण 1204 ईस्वी में हुआ था।