विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किन्नौर के जंगलों में लगी भीषण आग, सेब के बगीचे और 65 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित; लाखों की वन संपदा जलकर राख

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:06 PM (IST)

किन्नौर जिले के उरनी और चगांव जंगलों में भीषण आग से 65 हेक्टेयर वन संपदा और सेब के बगीचे जलकर राख हो गए हैं। तेज हवाओं और दुर्गम क्षेत्र के कारण आग बुझाने में कठिनाई हो रही है।

किन्नौर के जंगलों में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

किन्नौर के जंगलों में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. किन्नौर में उरनी और चगांव के जंगलों में भीषण आग लगी।

  2. 65 हेक्टेयर वन क्षेत्र और सेब के बगीचे प्रभावित हुए।

  3. वन विभाग, अग्निशमन दल और ग्रामीण आग बुझाने में जुटे।

जागरण संवाददाता, रिकांग पिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में जंगलों में लगी आग ने भारी तबाही मचाई है। उरनी पंचायत के उराबोनिंग जंगल और चगांव के जंगल में लगी भीषण आग से लाखों रुपये की वन संपदा जलकर राख हो गई है। आग की चपेट में आने से चगांव क्षेत्र के कई सेब के बगीचों को भी नुकसान पहुंचा है। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

सोमवार को चगांव के जंगल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से और कई सेब के बगीचों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन तेज हवाओं के चलते आग कुछ ही मिनटों में कई किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई।

काफी मशक्कत के बाद शाम तक आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन मंगलवार को दोबारा सुलगती आग ने वन संपदा को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। क्षेत्र में चारों ओर धुएं के गुबार दिखाई दे रहे हैं।

आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना

अग्निशमन विभाग भावानगर के फायर इंचार्ज के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के साथ वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, जेएसडब्ल्यू की टीम और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से प्रयास कर रहे हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में आग तेजी से चगांव गांव की ओर बढ़ रही थी, जिससे रिहायशी क्षेत्र को खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, बचाव दलों की तत्परता से गांव की ओर बढ़ रही आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग उराबोनिंग जंगल की ओर फैल रही है और इसे नियंत्रित करने के लिए टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं।

मौके पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियां

वन विभाग के आरओ कल्पा राजीव कायथ ने बताया कि चगांव में करीब 40 हेक्टेयर और उरनी में 25 हेक्टेयर वन क्षेत्र आग से प्रभावित हुआ है। इससे लाखों रुपये की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। वहीं, एसीएफ करण ने बताया कि आग पर जल्द काबू पाने के लिए भावानगर और रिकांग पिओ से अग्निशमन विभाग की टीमों के अलावा कंपनी की अग्निशमन टीम को भी बुलाया गया है।

वन विभाग ने लोगों से जंगलों में आग न लगाने की अपील की है। विभाग के अनुसार, जानबूझकर जंगल में आग लगाते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें जुर्माना और जेल का प्रावधान भी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।