सर्कल रेट में 40 फीसदी कटौती के खिलाफ जाएंगे कोर्ट
संवाद सूत्रजसूर सरकार की ओर से सर्कल रेट में 40 फीसद की कटौती को किसी भी सूरत में न
संवाद सूत्र,जसूर : सरकार की ओर से सर्कल रेट में 40 फीसद की कटौती को किसी भी सूरत में नहीं माना जाएगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर संघर्ष के साथ-साथ समिति कानूनी रास्ता भी अख्तियार करेगी। यह चेतावनी फोरलेन संघर्ष समिति नूरपुर की भडवार में आयोजित बैठक के दौरान अध्यक्ष दरबारी लाल ने दी। उन्होंने कहा कि समिति और प्रभावित लोग तीन साल से संघर्ष करते आ रहे हैं, लेकिन सरकार हर बार प्रभावितों से मजाक करती आ रही है। सरकार ने पहले फैक्टर दो के हिसाब से चार गुणा मुआवजे की मांग को अंधेरे में रखा। अब सर्कल रेट में भारी कटौती कर प्रभावितों के हकों को जबरन छीना जा रहा है। प्रभावितों के सब्र का सरकार नाजायज फायदा उठाकर अब धोखा करने पर उतर आई है, जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने एक मत होकर सरकार के इस जनविरोधी फरमान के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए एक कानूनी सेल का गठन किया, जिसमें कुशल महाजन सेवानिवृत्त कराधान अधिकारी को सेल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया व उनको स्वतंत्र रूप से पांच सदस्य कमेटी का गठन करने का भी अधिकार दिया गया, ताकि जनहित की लड़ाई का मुकाबला किया जाए। महासचिव विजय हीर को एक मत होकर इस जन आंदोलन को नूरपुर से लेकर शिमला, दिल्ली तक जोरदार, लोकतांत्रिक तरीके से जनहित में लड़ने के लिए नियुक्त किया गया। भूमि अधिग्रहण के समय सर्किल रेट एक दम 40 फीसद कम कर देना सरकार की मंशा पर सवाल पैदा करता है। इस मौके पर सुभाष पठानिया, बलदेव पठानिया, सुखदेव गुलेरिया, भारत भूषण बक्शी, सरदार सिंह पठानिया, अश्वनी शर्मा, जनक शर्मा, सतीश शर्मा, राम चंद शास्त्री, युगल किशोर, मिस्टर बोहरा, प्रीतम सिंह, मनोज ठाकुर, सुदर्शन शर्मा, शेरसिंह उपस्थित रहे।