दो माह में पूरा होगा शौचालयों का निर्माण कार्य
संवाद सहयोगी, कांगड़ा : दो महीनों के अंदर विकास खंड कांगड़ा में बचे शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो
संवाद सहयोगी, कांगड़ा : दो महीनों के अंदर विकास खंड कांगड़ा में बचे शौचालयों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। इससे विकास खंड कांगड़ा जिला कांगड़ा में पहला खंड बन जाएगा जिसमें सभी पंचायतों में शौचालय का निर्माण होगा।
निर्मिल भारत अभियान के तहत विकास खंड कांगड़ा में किए गए सर्वे के तहत 2921 शौचालयों के निर्माण किए जाने थे, जिसका निर्माण कार्य वर्ष 2012-13 से शुरू किया गया था। बताया जा रहा है कि कई पंचायतों में अभी भी कई शौचालयों का निर्माण कार्य जारी है, लेकिन केंद्र की सत्ता बदलते ही शौचालय के निर्माण में तेजी आई है और इन्हें दो महीने के भीतर शौचालय का निर्माण कार्य पूरा करने की हिदायत जारी कर दी है। पंचायत प्रधान इन निर्माणाधीन शौचालय को दो महीने के अंदर पूरा करने में जुटे हैं।
दो साल में विकास खंड कांगड़ा में 2921 में से 2375 शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है, जिस पर एक करोड़ 29 हजार 600 रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। निर्माणाधीन शौचालयों के लिए भी विकास खंड कांगड़ा द्वारा शनिवार को 20 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि जारी की है। वहीं बचे हुए शौचालय के लिए विभाग द्वारा अतिरिक्त 12 हजार की राशि जारी की जा रही है।
इस मामले को लेकर विकास खंड कांगड़ा के कार्यकारी अधिकारी शशि पटियाल ने बताया कि 2921 शौचालयों में से 546 शौचालयों का निर्माण बचा है, जिस पर निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने बताया कि दो महीने के अंदर यह कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा। संयुक्त परिवार के लिए भी सर्वे किया जा रहा है और इन परिवारों को जागरूक कर घर में शौचालय निर्माण के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।