नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाएं छात्र : प्रवीण
जागरण संवाददाता, कांगड़ा : नैतिक मूल्यों को छात्र अपने जीवन में अपनाएं, युवा शक्ति एक ऐसी शक्ति है जो कि एक बेहतर समाज के साथ देश के निर्माण में भी अपनी अहम भूमिका अदा करती है। यह जानकारी राज्य सूचना आयुक्त पंजाब सरकार प्रवीण कुमार द्वारा डीएवी कॉलेज कांगड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दी। उन्होंने कहा कि छात्र व समाज के लोग अपने मानवाधिकारों के प्रति जागरूक हों। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी किसी भी पीड़ित की समस्या को लेकर मानवाधिकार आयोग में उसकी समस्या को उठा सकती है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा के लिए भी कई कानून बनाए गए हैं और महिलाओं को भी अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्राएं भी इसके प्रति जागरूक हों, और अपने अधिकारों को पहचानें। इस अवसर पर डीएवी कॉलेज कांगड़ा के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र भाटिया ने कहा कि पंजाब सरकार के राज्य सूचना आयुक्त द्वारा विभिन्न जानकारियां छात्रों को दी गई। उन्होंने कहा कि प्रवीण कुमार डीएवी कॉलेज कांगड़ा में वर्ष 1978 में बतौर प्रवक्ता अपनी सेवाएं भी दे चुके हैं।