तूफान ने मचाई तबाही, अंधेरे में रहे लोग
जिला हमीरपुर में बीती रात तूफान व भारी बारिश ने चारों तबाही मचाई है।
जागरण टीम, हमीरपुर : जिला हमीरपुर में बीती रात तूफान व भारी बारिश ने चारों तबाही मचाई है। तेज बारिश व तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से विद्युत लाइनें प्रभावित हो गई जिसे कई क्षेत्रों में अंधेरा पसर गया। तेज आंधी के चलते कई मकानों सहित पशुशालाओं की छतें उड़ गई। भारी बारिश से मक्की की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
रविवार देररात आए तूफान से शहर व अन्य उपमंडलों में विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। अवाहदेवी कस्बा, भोरंज टौणी देवी सहित विद्युत सब स्टेशन गलोड़ के तहत आने वाले गांवों की विद्युत आपूर्ति रातभर प्रभावित रही। ग्राम पंचायत नारा के पास विक्रम सिंह के मकान से सटे शेड पर चीड का पेड़ गिरने से बिजली के पांच पोल गिर गए। बिजली की तारों पर पेड़ गिरने से बल्ह डोडा व ज्याणा खरूणी में लगे ट्रांसफार्मर ठप हो गए। ज्याणा खरूणी व बल्ह डोडा गांव के लगभग 70 परिवारों की बिजली आपूर्ति रात से बंद पड़ी हुई है।
ग्राम पंचायत पट्टनोण तहसील टौणी देवी में मेहर सिंह भाटिया की गोशाला तूफान में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे लगभग एक लाख से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से राहत राशि की गुहार लगाई है। सुजानपुर उपमंडल के तहत गांव रंगड़ में तूफान से मकान की उड़ गई। परिवार के पांचों लोग सुरक्षित हैं। यह परिवार आइआरडीपी से संबंध रखता है। सुजानपुर की पंचायत रंगड़ में चरण दास की पशुशाला रात को आंधी व वारिश चलने से गिर गई। विजय कुमार व संजीव कुमार सौढ के मकानों को भी बारिश से नुकसान हुआ है। एसडीएम शिल्पी बेकट्टा ने बताया कि फील्ड कानूनगो ने नुकसान की रिपोर्ट पेश कर दी है। पीड़ितों को जल्द आर्थिक सहायता दी जाएगी।
अवादेवी कस्बे के तहत दर्जनों पंचायतों में भी तूफान से खासा नुकसान हुआ है। दर्जनों बिजली के पोल उखड़ने से विद्युत विभाग कर्मचारियों को सेवा बहाल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि इस तूफान से करीब 10 खंभों को नुकसान पहुंचा है। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए दो दिन लग जाएंगे।
गवारडू गांव में सुरेंद्र सिंह के मकान की छत उड़ गई। परिवार निर्धन है। स्थानीय पंचायत ने प्रशासन से प्रभावित परिवार की हरसंभव मदद की मांग की है। बारीं पंचायत के झनिक्कर गांव में मैना देवी पत्नी स्व. गंगा राम स्वतंत्रता सेनानी का और रविद्र कुमार का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है।