पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों कांग्रेस उग्र
अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को देशभर में डीजल-पेट्रोल के प्रतिदिन बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर : अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी के आह्वान पर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को देशभर में डीजल-पेट्रोल के प्रतिदिन बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। हमीरपुर जिला मुख्यालय में भी गांधी चौक पर कांगेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र जार, अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनीता वर्मा तथा बड़सर के विधायक इंद्रदत लखनपाल ने केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जताया। प्रधानमंत्री से पूछा कि पूर्व यूपीए सरकार के कार्यकाल में पेट्रोल व डीजल दाम बढ़ने पर कांग्रेस पर टिप्पणी करने वाले को अब नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू गैस की कीमतों पर लगाम लगाई जाए, अन्यथा कांग्रेस कमेटी प्रदेश भर में सड़कों पर उतरेगी और इसका विरोध करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की सीमा पर चीन अपनी नजरें लगाए बैठा है। देश की सेना ने एलओसी पार की या चीनी सेना ने हमारी जमीन पर आकर इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। इस पर सरकार की तरफ से अलग-अलग बयान आ रहे हैं और जनता से सच्चाई छुपाई जा रही है।
विरोध प्रदर्शन में बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखन, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष एवं शौर्य चक्र विजेता विधि चंद लगवाल, राम चद पठानिया, केसी भाटिया, पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, प्रदेश कांग्रेस पार्टी के महासचिव सुनील विट्टु, अजय शर्मा, महिला कांग्रेस सेवादल की प्रदेश संगठक ज्योति खन्ना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।