घायल डाकिये की टांडा अस्पताल में मौत
बैरी गांव के निवासी बलदेव सिंह शुक्र खड्ड पुल से गिरकर घायल हो गया था। शुक्रवार रात उसकी टांडा अस्पताल में मौत हो गई।
संवाद सहयोगी, भोटा : पंचायत पाहलू के तहत बैरी गांव के निवासी 56 वर्षीय बलदेव सिंह पुत्र अमर सिंह 11 मार्च को शुक्र खड्ड पुल से नीचे गिर गया था। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। स्थानीय लोगों के सहयोग से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा पहुंचाया गया था। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया था। यहां से उसे डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टाडा रेफर कर दिया था। शुक्रवार रात उसने यहां दम तोड़ दिया। बलदेव डाकघर बैरीं में डाकिया के पद पर सेवाएं दे रहा था। उसकी मौत से गांव में शोक का माहौल है। भोटा पुलिस चौकी प्रभारी सुखदेव सिंह ने कहा पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।