कृषि एवं पशुपालन योजनाओं का लाभ उठाएं लोग : धूमल
सुजानपुर भाजपा मंडल द्वारा जनसंवाद रैली का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से किया गया।
जागरण संवादादता, हमीरपुर : सुजानपुर भाजपा मंडल द्वारा जनसंवाद रैली का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से किया गया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर व पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि कृषि ही एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा ग्रामीण लोग सब्जियां, जड़ी-बूटियां, फल व फूल तथा अनाज उगाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर सकते हैं। सरकार ने पशुपालकों के लिए भी कई स्कीमें चलाई हैं, किसान इनका भी फायदा उठा सकता है। किसान पशुओं के मल मूत्र से जैविक खेती कर सकते हैं और जैविक खाद का निर्माण कर अपनी आर्थिक स्थिति में सुधार कर सकते हैं।
धूमल ने कहा कि प्रदेश की 90 प्रतिशत जनता ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और उनके लिए कृषि व पशुपालन ही एकमात्र आजीविका का साधन है। इसीलिए हम सभी का दायित्व बनता है कि सरकार की योजनाओं को किसानों तक पहुंचाएं। अनुराग ठाकुर व वीरेंद्र कंवर ने भी केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई गई नीतियों व योजनाओं से कार्यकर्ताओं को अवगत करवाया।