विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हमीरपुर के पेंशनरों के लिए जरूरी सूचना: जीवित प्रमाण पत्र जमा करें, वरना रुक सकती है पेंशन

Published: Sat, 17 Oct 2026 03:43 PM (IST)

हमीरपुर जिले में लगभग 10% पेंशनभोगियों ने अभी तक अपना डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है, जिससे उनकी पेंशन प्रभावित हो सकती है।

नहीं जमा कराया जीवन प्रमाण पत्र तो रुक जाएगी पेंशन।

नहीं जमा कराया जीवन प्रमाण पत्र तो रुक जाएगी पेंशन।

HighLights

  1. हमीरपुर में 10% पेंशनरों ने जीवित प्रमाण पत्र नहीं जमा किया

  2. पेंशन भुगतान प्रभावित होने की आशंका, संघ ने की अपील

  3. डिजिटल या लोक मित्र केंद्र से प्रमाण पत्र जमा करें

जागरण संवाद केंद्र, हमीरपुर। जिला हमीरपुर में करीब 10 प्रतिशत पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनभोगियों ने अभी तक अपना डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र कोषागार कार्यालय में जमा नहीं करवाया है।

ऐसे में हिम-आंचल पेंशनर्ज संघ ने संबंधित पेंशनरों से जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उनकी पेंशन का नियमित भुगतान जारी रह सके।

नहीं करवाया प्रमाण पत्र जमा तो नहीं आएगी पेंशन

संघ के प्रदेशाध्यक्ष केसी गौतम ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि एक जुलाई, 2026 से 30 जून, 2027 की अवधि के लिए जिन पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनभोगियों ने अपना डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाया है, वे इसे शीघ्र जिला कोषागार कार्यालय में प्रस्तुत करें।

समय पर पूरी करें प्रक्रिया

जिला कोषागार कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभी भी जिले के करीब 10 प्रतिशत पेंशनभोगियों के प्रमाण पत्र जमा होने शेष हैं। केसी गौतम ने जिला और खंड स्तर के संघ पदाधिकारियों से भी आग्रह किया कि वे अपने सदस्यों को इस संबंध में जागरूक करें, ताकि सभी पात्र पेंशनभोगी समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें।

कैसे कराएं प्रमाण पत्र जमा

उन्होंने कहा कि जीवित प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाने पर पेंशन का भुगतान प्रभावित हो सकता है, इसलिए इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।उन्होंने बताया कि पेंशनभोगी अपने मोबाइल फोन पर जीवन प्रमाण फेस ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।

इसके अलावा नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाकर भी यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है। संघ ने सभी संबंधित पेंशनरों से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपना प्रमाण पत्र जमा करवाना सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें- हिमाचल प्रदेश में SMC और कंप्यूटर शिक्षकों के लिए भर्ती का रास्ता खुला, 4800 पदों पर होगी नियुक्ति