विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NIT हमीरपुर के हॉस्टल में घुस गया युवक, कैश, मोबाइल व लैपटॉप चुराए; जेब से निकला IIT मंडी का आई कार्ड

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 11:33 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 30 Sep 2026 12:10 PM (GMT+05:30)

एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावासों में एक युवक छात्रों के कमरों से पैसे चुराते हुए पकड़ा गया। खुद ...और पढ़ें

एनआईटी हमीरपुर का परिसर। जागरण आर्काइव

एनआईटी हमीरपुर का परिसर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. एनआईटी हमीरपुर के हॉस्टल में युवक ने की चोरी।

  2. खुद को आईआईटी मंडी का छात्र बताकर हॉस्टल में घुसा।

  3. आदित्य चौधरी के पास से नकदी और चोरी का सामान बरामद।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर के हिमगिरि और उदयगिरि हॉस्टल में एक अज्ञात युवक जा घुसा। छात्रों के कमरों से पैसे चोरी करने के आरोप में युवक पकड़ा गया है। युवक की पहचान आदित्य चौधरी निवासी ई-48, ब्लॉक-ई, ओम विहार, फेज-5, उत्तम नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। वह हिमगिरि छात्रावास के कमरा नंबर जी-54 से बाहर निकलते समय छात्रावास परिचारक की नजर में आया।

पूछताछ के दौरान वह खुद को आइआइटी मंडी का विद्यार्थी बता रहा था। बाद में पूछताछ में उसने हिमगिरि के साथ उदयगिरि छात्रावास में भी विद्यार्थियों के कमरों से पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की।

तलाशी लेने पर नकदी सहित बरामद हुआ सामान

तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 21,510 रुपये की नकदी, दो एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आइआइटी मंडी का पहचान पत्र, काले रंग का रेडमी मोबाइल फोन, एचआरटीसी बस टिकट, एसस का लैपटॉप और पिट्ठू बैग बरामद हुआ है।

हमीरपुर थाना में मामला दर्ज

पुलिस थाना सदर हमीरपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को दिए बयान में जनयानकड़, तहसील व जिला कांगड़ा निवासी गुरभाग सिंह ने बताया कि वह एनआइटी हमीरपुर के हिमगिरि छात्रावास में छात्रावास परिचारक के तौर पर काम करता है। 29 सितंबर को दोपहर करीब 3:10 बजे वह अपने साथी तेज कुमार, जो मैस प्रबंधक हैं, के साथ छात्रावास के अंदर निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान कमरा नंबर जी-54 के पास एक अजनबी युवक कमरे से बाहर निकलता दिखा।

गुरभाग सिंह ने युवक से नाम और पता पूछा तो उसने अपना नाम आदित्य चौधरी बताया। पूछताछ करने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद दोनों उसे एमएमसीए कार्यालय लेकर गए। वहां आदित्य खुद को आइआइटी मंडी का विद्यार्थी बता रहा था। इसी दौरान एमएमसीए कार्यालय में सहायक वार्डन डॉ. नीरज धीमान भी पहुंच गए और उन्होंने भी आदित्य से पूछताछ की।

विद्यार्थी भी पहुंचे शिकायत लेकर

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आदित्य ने हिमगिरि और उदयगिरि छात्रावास में पैसे चोरी करने की बात स्वीकार की। इस दौरान वहां करीब तीन-चार विद्यार्थी भी पहुंचे और उन्होंने बताया कि उनके कमरों में भी चोरी हुई है। 

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस के अनुसार आदित्य चौधरी ने दोनों हॉस्टल में विद्यार्थियों के कमरों से पैसे चोरी किए हैं। पुलिस ने आदित्य चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी बलबीर सिंह ने की है।

यह भी पढ़ें: टांडा मेडिकल कॉलेज में पीजी प्रशिक्षु से छेड़छाड़, तकनीशियन ने गलत तरीके से कंधे पर हाथ रखा; पीछे से पकड़ा