बंजर भूमि को मक्की के लिए तैयार कर रहे मनरेगा मजदूर
बंजर पड़ी भूमि का शृंगार करने के लिए मनरेगा मजदूर भूमि सुधार योजना के तहत कार्य करने लगे हैं।
संवाद सहयोगी, जाहू : बंजर पड़ी भूमि का शृंगार करने के लिए मनरेगा मजदूर भूमि सुधार योजना के तहत कार्य करने लगे हैं। झरलोग पंचायत में करीब तीन कनाल भूमि पर पहली बार ग्रामीण मक्की की बिजाई करेंगे। कर्फ्यू के कारण घरों में बिना कार्य से बैठे मनरेगा के मजूदरों को कार्य मिल गया है। भोरंजउप मंडल की झरलोग पंचायत के चार स्थानों में शुरू हुए विकास कार्यो पर करीब 14 लाख खर्च हो रहे हैं। इससे चार दर्जन मनरेगा मजदूरों को रोजगार भी मिला है। पंचायत के बल्ले लदरौर खुर्द में बिमला देवी की बंजर भूमि पर भूमि समतल के कार्य पर एक लाख खर्च किए जा रहे हैं। इसी तरह झरलोग उपरला में सत्या देवी की भूमि को समतल किया जा रहा है। इस पर भी एक लाख खर्च होंगे।
पहली बार करीब दो कनाल भूमि पर मक्की की बिजाई की जाएगी। इसी तरह लदरौर कलां गांव में ढाई लाख की लागत से रास्ते का निर्माण कार्य, मंडेत्तर में साढे़ चार लाख के पक्के रास्ते का निर्माण कार्य जारी है। गांव ठाणा में रास्ते के निर्माण पर एक लाख खर्च होने का अनुमान है। इससे पंचायत में करीब 14 लाख रुपये के निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं।
मनरेगा मजदूर लता देवी, निर्मला देवी, पिकी देवी, नीलम कुमारी, अति देवी, अंकित, आशा देवी, सत्या देवी, अंजू बाला ने कहा मनरेगा की मजदूरी से परिवार का पालन पोषण करने के लिए आर्थिक सहारा मिलेगा। उधर झरलोग पंचायत प्रधान नरेश ठाकुर ने कहा पंचायत के करीब 14 लाख के कार्य शुरू हो चुके हैं। करीब तीन कनाल भूमि को समतल किया जा रहा है।