मालिया गांव में महिला मंडल भवन का लोकार्पण
- 67 गांवों के लिए 12 करोड़ की लागत से मालियां सधरियाण स्कीम स्वीकृत करवाना वास्तव में ऐतिहासिक
संवाद सहयोगी, भोरंज : विधायक कमलेश कुमारी ने भोरंज पंचायत के मालिया गांव में ढाई लाख से निर्मित महिला मंडल भवन का लोकार्पण किया। पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल ठाकुर भी इस दौरान मौजूद रहे। मंडल उपाध्यक्ष बलवीर ठाकुर ने विधायक से गांव के लिए सड़क बनाने के लिए बजट प्रावधान करवाने की मांग की। महिला मंडल भवन के निकट शौचालय और महिला मंडल भवन के लिए बिजली की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया।
विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि पूर्व शिक्षा मंत्री आइडी धीमान की तरह क्षेत्र का विकास करवाना उनकी प्राथमिकता है। महिलाओं का विकास करना उनकी प्राथमिकता है, इसके लिए कई कार्यक्रम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। महिला मंडलों को फर्नीचर के लिए दस-दस हजार रुपये दिए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भोरंज विधानसभा क्षेत्र में अथाह विकास हो रहा है। आज हिमाचल के प्रत्येक घर में रसोई गैस है। इस अवसर पर उन्होंने महिला मंडल के नजदीक शौचालय के लिए एक लाख, महिला मंडल भवन में बिजली की फिटिंग के 25000 और महिला मंडल भवन को जाने वाली सड़क को पक्का करने के लिए दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर मंडल महामंत्री अशोक ठाकुर, चमन ठाकुर, अजय शर्मा, संजय ठाकुर, मंजू भारद्वाज, मुंशीराम, रणजीत, पृथ्वी चंद आदि मौजूद रहे।