विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा कैंपस में कक्षाएं शुरू होने की उम्मीद को झटका, 90% निर्माण के बाद काम रुका

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 10 Sep 2026 11:21 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा परिसर का 90% से अधिक निर्माण कार्य फंड की कमी के कारण रोक दिया ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि का देहरा परिसर। जागरण

हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विवि का देहरा परिसर। जागरण

HighLights

  1. देहरा परिसर का 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा।

  2. फंड की कमी के कारण CPWD ने काम पर रोक लगाई।

  3. जनवरी 2027 तक कक्षाएं शुरू होने की उम्मीदें धूमिल।

सुनील राणा, देहरा (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले के देहरा में निर्माणाधीन हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। 90 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब परिसर के निर्माण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। जिस परियोजना को जनवरी 2027 में कक्षाएं शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ना था, वहां अब निर्माण कार्य अगले आदेश तक बंद रहेगा। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने काम रोकने के पीछे आवश्यक फंड उपलब्ध न होने को कारण बताया है।

सीपीडब्ल्यूडी के कार्यपालक अभियंता एवं वरिष्ठ प्रबंधक (सिविल) देहरा की ओर से निर्माण एजेंसी को पहली सितंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र की प्रति कुलपति, रजिस्ट्रार समेत छह अधिकारियों को भेजी है। रजिस्ट्रार नरेंद्र सांख्यान ने पत्र मिलने की पुष्टि की है।

बजट के अभाव में लटका काम

सीपीडब्ल्यूडी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि सीयू की ओर से आगे के निर्माण कार्य के लिए राशि उपलब्ध नहीं करवाई है। नवंबर, 2025 के बाद से परियोजना के लिए राशि जारी नहीं की गई है। ऐसे में करोड़ों की परियोजना का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने के बाद धन के अभाव में अटक गया है।

एजेंसी की ही रहेगी जिम्मेदारी

पहले से किए निर्माण कार्य, साइट पर मौजूद निर्माण सामग्री और अन्य स्थापनाओं की सुरक्षा, संरक्षण व रखरखाव की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी की ही रहेगी। सीपीडब्ल्यूडी ने कंपनी को निलंबन अवधि में कर्मचारियों, मशीनरी, टीएंडपी तथा अन्य संसाधनों की तैनाती आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। 

बताया जा रहा है कि कभी करीब एक हजार मजदूर और कर्मचारी यहां काम करते थे। अब निर्माण साइट पर महज 250 कामगार रह गए हैं।

2009 में मंजूर हुआ था विवि

2009 में प्रदेश के लिए केंद्रीय विश्वविद्यालय मिला था। इसके बाद देहरा में निर्माण तय हुआ। देहरा, शाहपुर और धर्मशाला में इसके अस्थायी परिसर चल रहे हैं। देहरा में इसके निर्माण के लिए काफी संघर्ष हुआ। फरवरी 2019 में तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने इसके देहरा परिसर का शिलान्यास किया था। 2023 की शुरुआत में देहरा में परिसर निर्माण आरंभ हुआ। तब इसे 30 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा था। 

शेष कार्य के लिए पेचीदा हो सकती है स्थिति 

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब परियोजना का अधिकांश काम पूरा हो चुका है तो अंतिम चरण के लिए जरूरी राशि उपलब्ध क्यों नहीं हो पाई? यदि समय रहते फंड जारी नहीं हुआ तो शेष काम को लेकर स्थिति और पेचीदा हो सकती है। ऐसी स्थिति में शेष कार्य के लिए दोबारा टेंडर की प्रक्रिया अपनानी पड़ सकती है। इससे न केवल परियोजना को पूरा होने में और समय लग सकता है, बल्कि निर्माण लागत बढ़ने की आशंका भी रहेगी।

वीसी कई बार जताते रहे उम्मीद

20 नवंबर, 2023 को देहरा पहुंचे वीसी एसपी बंसल ने उम्मीद जताई थी कि जनवरी 2025 तक परिसर तैयार हो जाएगा। इसके बाद भी कई बार उन्होंने परिसर आरंभ होने की उम्मीद जताई। 19 मार्च को देहरा पहुंचने पर उन्होंने कहा था कि अप्रैल या मई में कोई केंद्रीय मंत्री या प्रधानमंत्री इसका लोकार्पण कर सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 15 अगस्त को देहरा परिसर में हुए समारोह में उन्होंने फिर उम्मीद जताई कि जनवरी 2027 तक कक्षाएं शुरू हो जाएंगी लेकिन अब इसकी आशा भी नहीं लग रही है।

यह भी पढ़ें: कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया तेज: केंद्रीय मंत्री ने 2 माह में मांगी रिपोर्ट, CM सुक्खू ने की चर्चा