विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल शिक्षक भर्ती: योग्य उम्मीदवार न मिलने से साइकोलॉजी टीचर्स के 46 पद रह गए खाली, 68 पर ही हो पाई नियुक्ति

By Ranbir Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 24 Sep 2026 03:25 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने स्कूल शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी शिक्षकों के 114 पदों के लिए अंतिम परिणाम घोषित ...और पढ़ें

हिमाचल राज्य चयन आयोग का हमीरपुर स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

हिमाचल राज्य चयन आयोग का हमीरपुर स्थित परिसर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. हिमाचल प्रदेश में साइकोलॉजी शिक्षकों के 114 पदों पर भर्ती।

  2. पात्र उम्मीदवार न मिलने से 46 पद खाली रह गए।

  3. राज्य चयन आयोग ने 68 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में साइकोलॉजी शिक्षकों के 114 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए आयोजित भर्ती प्रक्रिया का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। पोस्ट कोड-26031 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद 68 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया है।

पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण 46 पद खाली रह गए हैं। राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 91 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इनमें से 77 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी।

68 का हुआ चयन

परीक्षा के आधार पर 74 उम्मीदवारों को दस्तावेज जांच के लिए चयनित किया गया था। 11 सितंबर को दस्तावेजों की जांच की गई, जिसके बाद 68 उम्मीदवारों का अंतिम रूप से चयन किया गया है।

विभिन्न वर्ग के 46 पद रह गए खाली

पात्र उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण खाली रहे 46 पदों में सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के नौ, सामान्य (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, ओबीसी के 10, ओबीसी बीपीएल के चार, एससी के 14, एससी बीपीएल के चार, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, एसटी का एक तथा एसटी बीपीएल के दो पद शामिल हैं।

क्या कहते हैं आयोग सचिव

राज्य चयन आयोग के सचिव ने बताया कि अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और प्राप्त अंकों सहित आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस की ASI कमलेश कुमारी का संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में चयन, दक्षिण सूडान में निभाएंगी अहम जिम्मेदारी